मऊ – आज जिलाधिकारी अरुण कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में अग्निपथ योजना को लेकर बैठक संपन्न हुई। ज्ञातव्य है कि अग्निपथ योजना को लेकर सेना में भर्ती होने वाले युवकों में भ्रम की स्थिति है, जिसके कारण ऐसे युवक इस योजना के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने भूतपूर्व सैनिकों से अग्निपथ योजना के संबंध में सेना में भर्ती होने वाले जवानों से संवाद स्थापित कर इसके लाभो से अवगत कराने को कहा। उन्होंने बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों को भी नौजवानों के बीच जाकर उनसे संवाद स्थापित कर समझाने को कहा। जिलाधिकारी ने बताया कि विश्व में जहां भी अच्छी सैन्य व्यवस्था है, वहां पर इस तरह की व्यवस्था लागू है, जो कि अब भारत में भी लागू की जा रही है। उन्होंने बताया कि 4 साल की भर्ती के बाद ऐसे युवक अपना भविष्य बेहतर ढंग से संवार सकते हैं। क्योंकि उनके पास पर्याप्त प्रशिक्षण का अनुभव एवं धन होगा। साथ ही इन्हें सेना एवं पुलिस भर्ती में भी वरीयता मिलेगी। अन्य क्षेत्रों में रोजगार के अवसर के लिए भी इनके पास पर्याप्त समय होगा। कार्यकाल के दौरान कोई अन्य दुर्घटना होने पर बीमा का भी प्रावधान है। जिलाधिकारी ने वहां उपस्थित सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे जगहों का चिन्हीकरण कर ले, जहां पर सेना में भर्ती होने वाले जवान तैयारियां करने के लिए आते हैं। उनसे बातचीत कर उन्हें योजना के लाभों से अवगत कराएं। उन्होंने एन0सी0सी0, एन0एस0एस0 एवं नव युवक मंगल दल के लोगों को आज से ही अपने वॉलिंटियर एवं सदस्यों के माध्यम से युवकों के बीच जाकर योजना के बारे में जागरूक करने को कहा। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिए कि जनपद में संचालित शैक्षिक संस्थाओं एवं कोचिंग सेंटरों में तैयारी कर रहे बच्चों को योजना के बारे में समझाएं। जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सेक्रेटरी एवं ग्राम प्रधान का सहयोग लेकर ग्रामीण स्तर पर सेना में भर्ती हेतु तैयारी करने वाले युवकों को भी अग्निपथ योजना के लाभों को समझाएं। उन्होंने युवकों के माता-पिता से भी संवाद करने को कहा एवं विरोध का गलत तरीका अपनाने पर होने वाले दुष्परिणामों के प्रति सचेत करने को भी कहा।उन्होंने बैठक में उपस्थित अधिकारियों को सोशल मीडिया पर भी इस योजना के प्रति लोगों को जागरूक करने को कहा। जिलाधिकारी ने बैठक के दौरान कहा कि उनसे संवाद स्थापित कर योजना से होने वाले लाभों के साथ ही असंवैधानिक तरीका अपनाने पर उससे होने वाले दुष्परिणामों से भी अवगत कराएं। जिलाधिकारी ने युवकों को उकसा
कर उपद्रव कराने वालों का चिन्हीकरण कर कड़ी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक सुशील घुले ने जिला विद्यालय निरीक्षक से ऐसे कोचिंग सेंटरो की सूची उपलब्ध कराने को कहा, जहां पर सेना में भर्ती हेतु तैयारियां कराई जाती हैं। इसके अलावा उन्होंने जिला क्रीड़ा अधिकारी, जिला युवा कल्याण अधिकारी एवं सेक्रेटरी से जनपद, तहसील एवं ग्राम स्तर के ऐसे मैदानों की सूची मांगी, जहां पर सेना में भर्ती हेतु युवक तैयारियां करते हैं, जिससे इन लोगों के गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक सुशील घुले के अलावा नगर मजिस्ट्रेट त्रिभुवन, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी, डी 0ओ0 पीआरडी, समन्वय नेहरू युवा केंद्र, डीसीएसके प्रिंसिपल, प्रभारी एनएसएस, एनसीसी, थानाध्यक्ष जीआरपी के अलावा कई भूतपूर्व सैनिक उपस्थित रहे।

अग्निपथ योजना के संबंध में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक संपन्न, योजना से होने वाले लाभों से युवकों को परिचित कराने के दिए निर्देश
Posted
in
by
Tags: