मऊ- शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गयी जब परिवार से संबंधित तीन युवकों की सड़क हादसे में मौत हो गई।
बताया जाता है कि घोसी थाना क्षेत्र के करीमुद्दीनपुर गांव निवासी तीन युवक जिन की बुआ का घर मुबारकपुर थाने के नेवादा गांव में है वहीं पर शादी का कुछ सामान देने गए थे, सामान देकर देर रात घोसी मऊ लौटते समय ये दुर्घटना हुई। इनकी बाइक अनियन्त्रित होकर मुबारकपुर के दरियाबाद पुल के पास एक पेड़ से टकरा गई। तीनों लहुलूहान मौके पर पड़े रहे। रात का अंधेरा इनके लिए काल बन गया, इलाज के अभाव में इनकी मौत हो गयी। मंगलवार की सुबह टहलने निकले लोगों को इसकी जानकारी हुई तो पुलिस को सूचना दिए। पुलिस ने इनके पास मिले कागजात के आधार पर घर वालों को सूचित किया।
मृतक युवकों में कलीम (20) पुत्र नसीम, आसिफ (22) पुत्र अनीस मऊ जिले के घोसी थाना क्षेत्र के करीमुद्दीनपुर गांव निवासी, फैज (21) पुत्र मेराज घोसी थाने के मदारपुर गांव का रहने वाला था। तीनों जिगरी दोस्त थे।

