सपा से चेयरमैन पद के प्रत्याशी बहू का कर रहे थे चुनाव प्रचार
नगरीय निकाय सामान्य निर्वाचन 2023 के दृष्टिगत जारी आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन में आज उड़नदस्ता कोपागंज की टीम ने पूर्व चेयरमैन हेलाल अहमद अंसारी एवं 1000 अज्ञात लोगों के खिलाफ कोपागंज थाने में एफ.आई.आर. दर्ज की गई। आदर्श आचार संहिता लागू होने के बावजूद समाजवादी पार्टी का झंडा बैनर लिए पूर्व चेयरमैन हेलाल अहमद अंसारी अपने हजारों समर्थकों के साथ पिकअप वाहन पर तेज आवाज में डीजे लगाकर यातायात व्यवस्था को प्रभावित कर रहे थे,जिससे न केवल आदर्श आचार संहिता बल्कि धारा 144 सीआरपीसी का भी उल्लंघन हो रहा था।मौके पर पकड़ी गई पिकअप वाहन संख्या यूपी 54 टी/ 1605 के कागजात भी नहीं पाए गए, जिसके कारण उक्त वाहन को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज भी कर दिया गया है। ज्ञातव्य है कि समाजवादी पार्टी से कोपागंज के पूर्व चेयरमैन हेलाल अंसारी की बहू इस चुनाव में सपा प्रत्याशी के रूप में मैदान में हैं जिनके प्रचार प्रसार हेतु पूर्व चेयरमैन द्वारा हजारों की संख्या में लोग के साथ आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करते हुए प्रचार प्रसार कार्य किया जा रहा था।
