कोपागंज/मऊ : क्षेत्र के बापू इण्टर कालेज के खेल मैदान में शुक्रवार को दोपहर समाजवादी पार्टी की एक चुनावी जनसभा का आयोजन किया गया. चुनावी जनसभा में सपा व सुभासपा के नेताओं ने जिले की चारों विधानसभा सीटों पर जीत के लिए साइकिल व छड़ी निशान पर बटन दबाने का आह्वान किया.
सभा में हेलीकॉप्टर द्वारा सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव व सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर का आगमन हुआ. सभा स्थल पर काफी भीड़ जमा थी. पुलिस व बीएसएफ के जवान भी शान्ति व्यवस्था में काफी संख्या में मौजूद रहे.
चुनावी जनसभा को सम्बोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि सपा की बढ़ती लोकप्रियता देखकर भाजपा के लोग घबड़ा गए हैं. आज प्रदेश में बेरोजगार, किसान, बुनकर सभी परेशान हैं. बीजेपी के लोग गंगा का नाम लेकर भी झूठ बोल रहे है. बड़ा नेता बड़ा व छोटा नेता छोटा झूठ बोल रहे हैं. भाजपा ने किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया. नहीं हुआ. मंहगाई, डीजल पेट्रोल की बढ़ी कीमत से जनता त्रस्त है. खाद की बोरी में 5 किलो खाद कम मिल रही है. बेरोजगार नौजवान नौकरी के लिए दर दर भटक रहे हैं. लेकिन इस सरकार में कोई सुनवाई नहीं है.
कहा कि सपा सरकार आई 300 यूनिट बिजली फ्री मिलेगी. किसानों को सिचाई के लिए फ्री बिजली मिलेगी. बुनकरों को भी फ्लैट रेट पर बिजली 24 घंटे उपलब्ध होगी. मऊ, भदोही, मुबारक पुर आदि स्थानों पर बुनकरों के लिए बाजार की स्थापना होगी. पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर बुनकरों के लिए एक अलग से बाजार की स्थापना की जायेगी.
इसी क्रम में पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले के बुनकर भाजपा शासनकाल में काफी परेशान हैं. उनकी हर समस्या का हल सपा सरकार बनने के बाद निकाला जायेगा. तमाम शिक्षकों, पुलिस की भर्तियां भाजपा सरकार द्वारा रोकी गयी है, हमारी सरकार आने के बाद ये भर्तियां पूरी की जायेगी तथा नयी खाली भर्तियां भी निकाली जायेगी.
कहा कि प्रदेश सरकार ने लेपटाप, स्मार्ट फ़ोन बंटवाने का झूठा वादा किया जो पूरा नहीं किया. लेकिन सपा सरकार समाज वादी पेंशन में बढोत्तरी करेगी. राशन में गरीबों को तेल , घी, चीनी, दूध भी देगी. सरकार हर जाति वर्ग का ख्याल रखेगी. कहा कि भाजपा के वोट भाजपा के सांड़ चर लिए है. सपा सरकार बनाने जा रही है. उन्होंने मौजूद लोगों से साइकिल व छड़ी निशान का बटन दबाकर जिले की चारों विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों को जिताने का आह्वान किया है.
इसके पूर्व ओमप्रकाश राजभर ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए जिले के चारों विधानसभा सीट के सपा व सुभासपा के उम्मीदवार को जिताने की अपील किया. कहा कि सपा सरकार आने के बाद जाति आधारित जनगणना करायी जायेगी.
जनसभा में चारों विधानसभा क्षेत्र के उम्मीदवार दारा सिंह चौहान, उमेश चंद पांडेय, अब्बास अंसारी, राजेन्द्र कुमार तथा सपा नेता अल्ताफ अंसारी, शैलेन्द्र यादव, राजीव राय, दूधनाथ यादव आदि मौजूद रहे

इस सरकार में मऊ और गऊ दोनों सताए गए, सपा सरकार बनने पर बुनकरों को फ्लैट रेट पर मिलेगी बिजली: अखिलेश यादव
Posted
in
by
Tags: