ई0पी0एफ0 भुगतान सम्बन्धी दो सूत्रीय मांगों को लेकर पालिका सफाई कर्मचारियों का हंगामा, पालिकाध्यक्ष ने समस्या के समाधान का दिया आश्वसन

मऊ। आज नगर पालिका परिषद में संविदा सफाई व आउट सोर्सिंग सफाई कर्मचारियों ने नगरपालिका परिषद मऊ में पहुंच कर धरना-प्रदर्शन व जमकर नारेबाजी की उसके बाद दो सूत्रीय मांग पत्र पालिकाध्यक्ष एवं अधिशासी अधिकारी को सौंपा। उक्त पत्र में सफाई कर्मचारियों द्वारा मांग की गई है कि संविदा कर्मचारियों का 2011 से ई0पी0एफ0 का पैसा भविष्य निधि संगठन श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, भारत सरकार क्षेत्रीय कार्यालय, वाराणसी द्वारा पालिका के खाते से लगभग 02 करोड़ रुपये निकालकर लेकर गये लेकिन उसे आज तक सफाई कर्मचारियों के खाते में जमा नहीं किया गया। उसे जमा कराया जाये। इस सम्बन्ध में पालिकाध्यक्ष श्री मुहम्मद तय्यब पालकी ने बताया कि संविदा सफाई कर्मचारी के ई0पी0एफ0 भुगतान हेतु पालिका द्वारा कर्मचारी भविष्य निधि संगठन श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, भारत सरकार क्षेत्रीय कार्यालय, वाराणसी से समन्वय स्थापित कर अतिशीघ्र कर्मचारियों का पैसा उनके पी0एफ0 खाते में जमा करा दिया जायेगा। इसके लिए समस्त कार्यवाही पूर्ण की जा रही है, पालिका द्वारा इसके लिए वकील भी नियुक्त किया गया है, समस्त कर्मचारियों की डाटा फिडिंग का कार्य चल रहा है। उन्होने आश्वासन देते हुए कहा कि जल्द ही पैसा जमा करा दिया जायेगा। सफाई कर्मचारियों की दूसरी मांग थी कि ‘‘आउट सोर्सिंग कर्मचारियों (ठेका) का ठीकेदार दीलीप कुमार सिंह उर्फ दीपू द्वारा ई0पी0एफ0 का पैसा जमा नहीं किया गया है, उसे जमा कराया जाये।‘‘ इस सम्बन्ध में पालिकाध्यक्ष मुहम्मद तय्यब पालकी ने बताया कि यह प्रकरण पूर्व पालिकाध्यक्षा के समय का है। उनके समय के ठीकेदार दीपू सिंह के द्वारा ई0पी0एफ0 का पूर्ण रुप से पैसा जमा नहीं किया गया है। इस सम्बन्ध में ठीकेदार दीपू सिंह के विरुद्ध नोटिस आदि की कार्यवाही की गयी है साथ ही कर्मचारी भविष्य निधि संगठन श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, भारत सरकार क्षेत्रीय कार्यालय, वाराणसी को भी अवगत कराया जा चुका है। नोटिस की समयावधि समाप्त होने के उपरान्त नियामनुसार कार्यवाही की जायेगी। पालिकाध्यक्ष ने कर्मचारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि जल्द ही समस्त कार्यवाही पूर्ण कर ई0पी0एफ0 का भुगतान कर्मचारियों के खाते में जमा कराया जायेगा। कर्मचारियों द्वारा उक्त मांगों को एक माह में पूर्ण कराने की मांग की गयी। कर्मचारियों के मांग के सम्बन्ध में अध्यक्ष महोदय द्वारा उन्हे आश्वस्त करते हुए कहा गया कि आपकी मांग को समय से पूर्ण कराया दिया जायेगा।


Posted

in

by

Tags: