उत्तर प्रदेश मदरसा बोर्ड के चेयरमैन का मऊ में हुआ स्वागत, कहा हर तरह के सहयोग के लिए हूं तैयार

मऊ – मदरसा शिक्षा परिषद के चेयरमैन डाक्टर इफ्तिखार अहमद जावेद के आगमन पर ज़िला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के सौजन्य एवं टीचर्स एसोसिएशन के सहयोग से स्थानीय तालीमुद्दीन निस्वां डिग्री कालेज के हाल में एक भव्य सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता मौलाना अज़ीज़ुर्रहमान ने की और अतिथि के रूप में साहित्य निकष सिंह ज़िला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी उपस्थित रहे।
यूपी मदरसा बोर्ड के अध्यक्ष डाक्टर इफ्तिखार अहमद जावेद का मदरसा तालीमुद्दीन के प्रधानाचार्य मौलाना शाहनवाज़, मौलाना अशरफुल हसन,मौलाना अब्दुल हमीद फैज़ी,श्रीमती शमीम बानो प्रधानाचार्या फैज़ेआम निस्वां,मौलाना मोहम्मद घोसी आदि ने पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया।
मुख्य रुप से अब्दुल हमीद फैज़ी ने मदरसों की समस्या पर प्रकाश डाला। मौलाना मुम्ताज़ आलम ने कहा कि अवकाश तालिका पर पुनरीक्षण की आवश्यकता है। शिक्षक असअद ने कहा कि अन्य विश्वविद्यालयों में मरसों की डिग्रियों को मान्यता नहीं मिलती और पासपोर्ट के लिए भी मान्य नहीं हैं।
उत्तर प्रदेश मदरसा बोर्ड के चेयरमैन डॉ इफ्तिखार अहमद जावेद ने अपने सम्बोधन में कहा कि मेरा प्रोग्राम है कि मैं हर ज़िला में जाऊं और लोगों से बात करूं ताकि मदरसे के बच्चे भी किसी तरह स्कूल कालेज के बच्चों से पीछे ना रहें। मदरसा से पढ़ कर निकले हुए बच्चे आज भी देश-दुनिया में नाम रौशन कर रहे हैं।
उन्होंने आश्वासन दिया कि साइंस टीचर्स की सैलरी जल्द ही जारी की जाएगी, आगे उन्होंने कहा कि जहां उनकी ज़रूरत होगी वह कौम की सेवा के लिए हाजिर रहेंगे। पासपोर्ट के लिए मार्कशीट की उपयोगिता पर भी उन्होंने कहा कि इसके लिए मीटिंग में बात रखी गई है।
इस अवसर पर मुख्य रुप से मौलवी अदनान, सलाहुद्दीन, फिरोज़ अहमद तालीमुद्दीन, जावेद अख्तर दारुल ओलूम,सलीम रज़ा, मौलाना अब्दुर्रहमान आदि उपस्थित रहे।


Posted

in

by

Tags: