जिलाधिकारी की अध्यक्षता में उद्योग बंधु, ओ0डी0ओ0पी0 की जनपद स्तरीय कमेटी एवं व्यापार बंधु की बैठक संपन्न
मऊ – जिलाधिकारी श्री अरुण कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय उद्योग बंधु,डिस्ट्रिक्ट लेवल एक्सपोर्ट प्रमोशन कमेटी, ओ0डी0ओ0पी0 योजना के क्रियान्वयन संबंधी जिला स्तरीय समिति एवं व्यापार बन्धु की की मासिक समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संपन्न हुई।
बैठक के दौरान उपायुक्त राजेश रोमन ने बैठक के एजेंडा बिंदुओं को वहां उपस्थित सभी उद्यमियों को अवगत कराते हुए अब तक हुई कार्रवाईयों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री सृजन रोजगार योजना के तहत लक्ष्य 42 के सापेक्ष 39 आवेदन पत्रों को बैंकों में भेज दिया गया है। जिनमें से 09 आवेदन पत्रों की स्वीकृति/वितरण की कार्रवाई की जा चुकी है। इसी प्रकार मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत निर्धारित लक्ष्य 53 के सापेक्ष 60 आवेदन पत्र बैंकों में प्रेषित हैं। जिनमें 08 आवेदन पत्रों की स्वीकृति/वितरण की कार्रवाई की जा चुकी है। जिलाधिकारी ने लीड बैंक मैनेजर को निर्देश दिए कि बैंकों में लंबित आवेदनों का यथाशीघ्र निस्तारण कराएं। उपायुक्त उद्योग ने बताया कि विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत अब तक 275 लोगों को प्रशिक्षण कराया जा चुका है।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर लाइन शिफ्टिंग की चर्चा के दौरान अधिशासी अभियंता विद्युत ने बताया कि इस संदर्भ में एम0डी0 को पत्र लिखा जा चुका है। जिलाधिकारी ने इस संबंध में तत्काल एम0डी0 से संवाद स्थापित कर आगे की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। औद्योगिक क्षेत्र सहादतपुरा के नाला एवं पानी की निकासी के चर्चा दौरान जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को पुराने नालों को व्यवस्थित करने के साथ ही नए नाले के निर्माण को लेकर कार्य योजना तैयार कर यथाशीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए। औद्योगिक क्षेत्र सहादतपुरा में विद्युत तार के सैग के ढीला होने एवं अतिरिक्त इंसुलेटेड वायर या पोल संबंधित चर्चा के दौरान अधीशासी अभियंता विद्युत ने बताया कि विद्युत तार को ठीक करा दिया गया है, साथ ही कोई योजना या फंड मिलने पर अतिरिक्त इंसुलेटेड वायर या पोल संबंधी कार्य शीघ्र पूर्ण करा दिए जाएंगे। औद्योगिक क्षेत्र ताजोपुर में बार-बार बिजली ट्रीपिंग कि शिकायत उद्यमियों द्वारा करने पर जिलाधिकारी ने आधीशासी अभियंता विद्युत को इसमें तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए।
व्यापार बंधु की बैठक के दौरान शहर में पार्किंग की व्यवस्था न होने की चर्चा के दौरान जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका एवं चेयरमैन द्वारा संयुक्त प्रयास करके पार्किंग के लिए जगह का चिन्हीकरण कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
ओ0डी0ओ0पी0 योजना के जनपद स्तरीय समिति की बैठक के दौरान उपायुक्त उद्योग ने ओ0डी0ओ0पी0 वित्त पोषण हेतु सहायता योजना, ओ0डी0ओ0पी0 प्रशिक्षण टूलकिट योजना, ओ0डी0ओ0पी0 प्रोत्साहन योजना एवं ओ0डी0ओ0पी0 के अंतर्गत सामान्य सुविधा केंद्र प्रोत्साहन योजना के संबंध में अब तक की गई कार्यवाहियों से बैठक में उपस्थित सभी उद्यमियों को अवगत कराया। उद्यमियों द्वारा ओ0डी0ओ0पी0 योजना को लेकर एक कार्यशाला के आयोजन कराने का आग्रह जिलाधिकारी से किया गया, जिससे इस योजना से मिलने वाले लाभों से जनपद के अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सके। जिलाधिकारी ने शीघ्र ही ओ0डी0ओ0पी0 योजना को लेकर कार्यशाला के आयोजन का आश्वासन दिया।
उक्त अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राम सिंह वर्मा, चेयरमैन तय्यब पालकी, अधीशासी अधिकारी नगर पालिका दिनेश कुमार, क्षेत्राधिकारी धनंजय मिश्रा, उपायुक्त उद्योग राजेश रोमन, सहायक श्रम आयुक्त उद्योग सगीर अहमद, रामानुज मिश्र उपायुक्त राज्य कर, एम0आर0 प्रजापति सेवायोजन अधिकारी, जिला खादी ग्राम उद्योग अधिकारी बी0पी0धर, सुनील गुप्ता, उदयभान जयसवाल सहित उद्यमी उपस्थित रहे।
