मऊ। आजमगढ़ मंडल के पत्रकारों के एक बड़े वर्ग ने कोविड-19 और उससे संबंधित मुद्दों पर यनिसेफ और न्यू कांसेप्ट सेंटर फॉर डेवलेपमेंट कम्यूनिकेशन (एन.सी.सी.डी.सी.) द्वारा आयोजित अभिमुखीकरण में शुक्रवार को भाग लिया।
इस अभिमुखीकरण का संचालन वरिष्ठ पत्रकार अश्विनी भटनागर और वरिष्ठ संचार विशेषज्ञ डॉ. संजीव कुमार के द्वारा किया गया।
ऑनलाइन चर्चा में मंडल के अंतर्गत आज़मगढ़, मऊ और बलिया जिलों के पत्रकार सम्मिलित थे।
अभिमुखीकरण में बोलते हुए वरिष्ठ पत्रकार अश्विनी भटनागर ने कहा कि कोविड के दूसरे दौर के आने से पत्रकारों की कोविड संबंधी सूचना के प्रचार-प्रसार में भूमिका फिर से बढ़ गयी है। पिछले कुछ महीनो में कोविड प्रकोप में आयी कमी की वजह से बचाव के उपायों जैसे मास्क पहनना और हाथ धोना, दो गज़ की दूरी बनाए रखना आदि में ढिलाई आ गयी थी। इसलिए लोगों को फिर से सजग करने का काम मीडिया को अपने कंधों पर लेना होगा। उन्होंने कहा कि वैक्सीन के आने से कुछ चिंता कम तो जरूर हुयी है, पर कोविड उपयुक्त व्यवहार को सख़्ती से बनाये रखना है। उन्होंने मीडिया से आग्रह किया कि वे जागरूकता फैलाने के अपने मोर्चे पर फिर से डट जाएं।
वरिष्ठ संचार विशेषज्ञ डॉ संजीव कुमार ने कोरोना वैक्सीन संबंधी जानकारी पत्रकारों को दी और उनके सवालों का तथ्य परख जवाब दिया। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के इस संकट ने बच्चों, महिलाओं और पुरुषों के जोखिम को बढ़ा दिया है। मीडिया में लोगों की मानसिकता बदलने और व्यवहार को प्रभावित करने की शक्ति है। उसने हमेशा नए व्यवहारों को अपनाने और उन्हें बनाए रखने हेतु सक्षम वातावरण बनाने में एक अहम् भूमिका निभाई है। अगर मीडिया इस दिशा में इसी तरह सहयोग करता रहा, तो हम कोविड-19 की इस बीमारी को समाप्त करने में सफल जरुर होंगे।
आजमगढ़ मंडल में कोविड-19 और संबंधित मुद्दों पर मीडिया अभिमुखीकरण में कोविड, कोविड उपयुक्त व्यवहार, कोविड वैक्सीन और मीडिया की भूमिका के बारे में जरुरी जानकारियां भी दीं। जानकारियों के साथ-साथ मीडिया कर्मियों के साथ इंटरैक्टिव तरीकों का उपयोग करते हुए कोविड और संबंधित मुद्दों पर पोल, प्रश्नावली और सवाल जवाब का प्रयोग किया गया।
दिसम्बर 2020 में उत्तर प्रदेश के 10 मंडलों में चलाए गए इस अभिमुखीकरण में मिली सफलता को देखते हुए, 5 अप्रैल 2021 से उत्तर प्रदेश के बाकी के 8 मंडलों में यह अभिमुखीकरण भी संपन्न किया जा रहा है। इस दूसरे चरण में अयोध्या, बस्ती, देवीपाटन, मिर्ज़ापुर, आगरा, आज़मगढ़, झांसी और सहारनपुर आदि शामिल हैं।

कोविड-19 के प्रति लोगों को फिर से सजग करने का काम मीडिया को अपने कंधों पर लेना होगा: अश्विनी भटनागर
Posted
in
by
Tags: