नगर पालिका ने गन्दगी फैलाने वाले 50 से अधिक लोगों को भेजा नोटिस

मऊ। राह चलते या अपने घर की सफाई कर सड़कों और गलियों में कूड़ा फैलाना अगर आपकी आदत है तो इससे तौबा कर लें। शहरों को साफ रखने की मुहिम के चलते में नगर पालिका अधिकारियों ने गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ चालान करके जुर्माना लगाना शुरू कर दिया है।
शहरों में कहीं भी कूड़ा कचरा फेंकना आम बात है लेकिन अब प्रशासन इसके खिलाफ कमर कसता नजर आ रहा है। रविवार को नगर पालिका परिषद मऊ ने नगर में गन्दगी फैलाने वाले 06 दूकानदारों से कुल 3800 रुपये जुमार्ना वसूला है। बाल निकेतन तिराहे से अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार के नेतृत्व में पालिका अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अभियान चलाकर नगर में गन्दगी फैलाने वाले दूकानदारों से जुर्माना वसूला। अधिशासी अधिकारी श्री दिनेश कुमार ने बताया कि नगर पालिका द्वारा शहर में गन्दगी करने और कचरा फैलाने वालों पर निरन्तर निगरानी रखी जा रही है। इसके अन्तर्गत आज बाल निकेतन तिराहे से अभियान चलाकर गन्दगी करने वाले 06 दूकानदारों पर जुर्माने की कार्यवाही की गई है तथा 50 से अधिक लोगों को गन्दगी फैलाने, खाली प्लाट में कूड़ा रखने, एवं सड़क पर अतिक्रमण करने के सम्बन्ध में नाटिस दी गयी है। अधिशासी अधिकारी ने चेताया कि किसी भी व्यक्ति या व्यवसायियों/दूकानदारों को अपने घरों और दूकानों का कचरा नगर पालिका की कूड़ा गाड़ी या डस्टबिन में ही डालना है। बाहर कूड़ा फेकने वालों पर नज़र रखी जा रही है। इनके विरुद्ध जुर्माना तो लिया जा रहा है साथ ही चेतावनी दी जा रही है कि दोबारा गन्दगी करते हुए पाये जाने पर कानूनी कार्यवाही की जायेगी। जिन दूकानदारों पर जुर्माने की कार्यवाही की गयी है उनके विवरण इस प्रकार हैः- दिनेश चाय की दूकान से रु0 300.00, सूर्जीत सोनकर ढाबा से रु0 1000.00, राजेन्द्र कुमार शराब की दूकान से रु0 1000.00, मनोज कुमार जायसवाल शराब की दूकान से रु0 500.00, सोनू बाटी चोखा की दूकान से रु0 300.00, मृत्युंजय सिंह ढाबा से रु0 1000.00 इस प्रकार कुल 3800.00 रुपये जुर्माने के रुप में वसूला गया है। उपरोक्त कार्यवाही में अधिशासी अधिकारी के साथ पालिका के सफाई एवं खाद्य् निरीक्षक सत्य प्रकाश, जेई0 सी0पी0 दूबे, पालिका कर्मचारी अनित सिंह, नुरुल हसन, ओमकार आदि साथ रहे।
