भीटी चौराहे से पालिकाध्यक्ष मुहम्मद तय्यब पालकी, अपर ज़िलाधिकारी श्री केहरी सिंह व सिटी मजिस्ट्रेट जे0एन0 सचान ने सफाई कर्मियों को सैनिटाइज़र का छिड़काव करने के लिये हरी झण्डी दिखाकर किया रवाना
मऊ। कोविड-19 एवं अन्य वेक्टर जनित रोगों के रोकथाम हेतु विशेष स्वच्छता अभियान चलाये जाने के शासन के निर्देश के क्रम में नगर पालिका परिषद मऊ द्वारा नगर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इस विशेष स्वच्छता अभियान के तहत शनिवार को भीटी चौराहे से पालिकाध्यक्ष मु0 तय्यब पालकी, अपर ज़िलाधिकारी श्री केहरी सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट जे0एन0सचान एवं अधिशासी अधिकारी संजय कुमार मिश्रा ने संयुक्त रुप से सफाई कर्मियों को नगर में साफ-सफाई व सेनिटाइज़र के छिड़काव करने के लिये हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। शनिवार को लाॅकडान के दौरान नगर में जहां सन्नाटा पसरा रहा तो वहीं नगर पालिका द्वारा विशेष सफाई अभियान चलाकर सड़को, बाज़ारों, गली-कूचों से लेकर चैराहों व सार्वजनिक स्थानों पर सफाई कराकर सैनिटाइज़र, ब्लीचिंग पाउडर सहित कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराया गया। बढ़ते कोरोना के मामले को दृष्टिगत रखते हुए वीकेण्ड लाकडाउन लगाने के शासन ने निर्देश दिये है, जिसको लेकर शनिवार को लोग घरों में कैद हो गए, तो वहीं नगर पालिका कर्मी कोरोना वायरस से निजात दिलाने के लिये डटे हुए नज़र आये।
इस मौके पर पालिकाध्यक्ष मु0 तय्यब पालकी ने कहा कि नगर पालिका द्वारा कोविड-19 के बढ़ते संक्रमण को दृष्टिगत रखते हुए पूरे नगर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत नगर के प्रत्येक वार्डों में सफाई, सेनिटाइजेशन एवं फागिंग का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। श्री पालकी ने नगरवासियों से शासन के निर्देशों का पूरी तरह पालन करने तथा बिना जरूरत घरों से बाहर न निकलने, मास्क लगाने तथा शासन-प्रशासन का पूर्ण रुप से सहयोग करने की अपील की। पालिकाध्यक्ष ने नागरिकों से निदेवन करते हुए कहा है कि कोरोना के मामले पुनः तेजी से बढ़ रहे है। जिसको दृष्टिगत रखते हुए आप सभी सावधानी व सतर्कता बरतें। सोशल डिस्टंेसिंग का पालन करें, दो गज की दूरी बनाये रखे, बार-बार हाथों को सेनिटाइज़र/साबुन से साफ करें, मास्क का प्रयोग करें, एवं भीड़-भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें, स्वच्छता बनाये रखे।
अपर ज़िलाधिकारी श्री केहरी सिंह ने कहा कि कोरोना से डरने की ज़रुरत नही है, बल्कि सावधानी व सतर्कता बरत कर इस महामारी से बचा जा सकता है तथा इसे फैलने से रोका जा सकता है। लाॅक डाउन का पालन करें, बिना जरूरत व बिना मास्क के घरों से बाहर न निकले, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें, मास्क का प्रयोग करें, हाथों को सेनिटाइज़र/साबुन से साफ करें, भीड़-भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें, स्वच्छता बनाये रखें, अगर किसी व्यक्ति के अन्दर प्रथम दृष्ट्या कोविड-19 के लक्षण दिख रहे हो तो तुरंत जांच कराये तथा 45 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति टीकाकरण करा लें।
इस अवसर पर अपर ज़िलाधिकारी श्री केहरी सिंह, नगर मजिस्ट्रेट जे0एन0सचान, अधिशासी अधिकारी- संजय कुमार मिश्रा, सफाई एवं खाद्य् निरीक्षक -सत्य प्रकाश, नरेश कुमार, सभासद प्रतिनिधि राजीव सैनी, नसीम अख्तर, के इलावा पालिका के सफाई विभाग के कर्मचारीगण उपस्थित रहें।