ज़िलाधिकारी मऊ ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक, चुनाव आचार संहिता का पालन करने का दिया निर्देश

मऊ- जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी अरूण कुमार की अध्यक्षता में सभी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलो के प्रतिनिधियों के साथ आचार संहिता पर चर्चा को लेकर बैठक कलेक्ट्रट सभाकक्ष में सम्पन्न हुई।
बैठक में जिलाधिकारी द्वारा समस्त राजनैतिक दलो के प्रतिनिधियों से बताया गया कि निर्वाचन की प्रक्रिया को कोविड-19 को ध्यान में रखकर पूर्ण कराना है। उन्होंने समस्त राजनैतिक दलो के प्रतिनिधियों से अपील की, कि उनसे जुडे सभी लोगो का कोविड-19 वैक्सिनेशन अवश्य रूप से करायें। उक्त अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि कोई दल या अभ्यर्थी ऐसी किसी गतिविधि में शमिल नही होगा जिससे भिन्न-भिन्न जातियो और धार्मिक या भाषायी समुदायो के बीच विद्यमान मतभेद अधिक गंभीर हो या तनवा पैदा हो। मत प्राप्त करने के लिए जाति या संप्रदाय की भावनाओ के आधार पर कोई अपील नही की जाएगी। उक्त अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा मस्जिद, चर्च, मंदिर और पूजा के अन्य स्थलो को निर्वाचन प्रचार के मंच के रूप में प्रयुक्त नही करने के निर्देश दिये। इसके उपरान्त जिलाधिकारी द्वारा निर्देश दिया गया कि निर्वाचन विधि के अधीन भ्रष्ट आचरण एवं अपराध जैसे कि मतदाताओ को घूस देना, मतदाताओ को डराना-धमकाना, मतदाताओ का प्रतिरूपण, मतदान केन्द्रो से 100 मीटर की दूरी के अन्तर्गत प्रचार करना, मतदान समाप्त होने के लिए निर्धारित समय के समाप्त होने वाले 48 घंटो की अवधि के दौरान सार्वजनिक सभाएं आयोजित नही कराना है इसमें किसी प्रकार शिकायत मिली तो सम्बन्धित के खिलाफ कार्यवाही की जायेगी। उक्त अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा निर्देश दिया गया कि कोई भी राजनैतिक दल या अभ्यर्थी अपने अनुयायियो को किसी भी व्यक्ति की अनुमति के बिना उसकी भूमि, भवन, परिसर की दीवारो पर झंण्डा लगाने, बैनर लटकाने, सूचना चिकाने, नारा लिखने इत्यादि की अनुमति नही है। उक्त अवसर पर जिलाधिकारी ने राजनैतिक दलो के प्रतिनिधियों से कहा कि चुनाव आचार संहिता का पालन करे एवं इसमें किसी भी प्रकार की समस्या आती है तो उसकी सूचना दें, तत्काल उसका निस्तारण कराया जायेगा।
उक्त अवसर पर पुलिस अधीक्षक घुले सुशील चन्द्रभान द्वारा बताया गया कि सोशल मीडिया के माध्यम से जो राजनैतिक दल के प्रतिनिधि प्रचार-प्रसार कर रहें है उसपर भी आचार संहिता लागू होती है। इसलिए सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की गलत टिप्पणी न करे अन्यथा कार्यवाही की जायेगी।
उक्त अवसर पर अपर जिलाधिकारी भानू प्रताप सिंह, नगर मजिस्ट्रेट, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी, इम्तियाज अहमद पूर्व विधायक सी0पी0आई0, धर्म प्रकाश यादव समाजवादी पार्टी, रामकरन यादव कांग्रेस पार्टी, राज विजय बहुजन समाज पार्टी, आजाद राजभर सुभासपा, जियाउल हसन राष्ट्रीय लोक दल सहित अन्य राजनैतिक दलो के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।


Posted

in

by

Tags: