जिलाधिकारी ने नगरपालिका के अधिकारियों को तत्काल कार्य प्रारंभ करने के दिए निर्देश

मऊ – आज जिला अधिकारी अरुण कुमार ने कलेक्ट्रेट परिसर के निकट गाजीपुर रोड पर स्थित झील महल रेस्टोरेंट, पार्क एवं तालाब का निरीक्षण किया। यह स्थान शहर के पॉश इलाके में स्थित है।इसका ठीक ढंग से देखभाल ना होने के कारण यह स्थल पिछले कई वर्षों से उपेक्षित पड़ा था। जिलाधिकारी ने इसको संज्ञान में लेते हुए इसके जीर्णोद्धार एवं सुंदरीकरण कराने के निर्देश दिए। ज्ञातव्य है कि ताल एवं पार्क राजस्व विभाग की जमीन में स्थित है। जिलाधिकारी ने इसे तत्काल नक्शा बनाकर नगरपालिका को हस्तांतरित कर इसके जीर्णोद्धार एवं सुंदरीकरण के निर्देश दिए, जिससे इसका उपयोग पर्यटन के लिए भी किया जा सके।जिला अधिकारी अरुण कुमार ने नगरपालिका के अधिकारियों को निर्देश दिए कि तत्काल इसके साफ सफाई की व्यवस्था करें साथ ही पार्क में बेंच,लाइट एवं वृक्षारोपण का कार्य प्रारंभ कर दें। इस स्थल के सुंदरीकरण हो जाने से शहर वासियों को अच्छे रेस्टोरेंट एवं पार्क में जाने का मौका मिलेगा।जिलाधिकारी ने तालाब के सुंदरीकरण के उपरांत बोटिंग की भी व्यवस्था करने के निर्देश दिए जिससे यहां आने वाले लोगों को मनोरंजन के भी साधन उपलब्ध हो सके। इस मौके पर नगर मजिस्ट्रेट त्रिभुवन, राजस्व विभाग एवं नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी गण उपस्थित थे।
