ट्रैफिक सिग्नल हेतु प्रोजेक्ट एवं मल्टी लेवल पार्किंग हेतु स्टीमेट तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न

आज जिलाधिकारी श्री अरुण कुमार की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक के दौरान अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी ने पिछली बैठक में लिए गए निर्णयो के अनुपालन स्थिति से समिति को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि प्रांतीय एवं निर्माण खंड के कुल 10 ब्लैक स्पॉट के कार्यों की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है, जिसके सापेक्ष निर्माण खंड के दोनों ब्लैक स्पॉट पर कार्य पूर्ण हो चुके हैं।प्रांतीय खंड के अंतर्गत 7 ब्लैक स्पॉट सुधार कार्य हेतु अनुबंध गठन कर लिया गया है, जिसमें कार्य प्रगति पर है एवं शेष एक ब्लैक स्पॉट का कार्य अभी टेंडर प्रक्रिया में है। इस दौरान एआरटीओ ने बताया कि माह जून में हेलमेट के अभियोग में 600, सीट बेल्ट के अभियोग में 214, तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने के अभियोग में 95 वाहनों का चालान किया गया।इसी क्रम में हूटर प्रेशर हॉर्न में 16,नो पार्किंग में खड़े 44 वाहनों का चालान,120 वाहनों से काली फिल्म उतरवाने तथा काली फिल्म लगे 113 वाहनों का भी चालान किया गया। शहर की एंट्री एंड एग्जिट प्वाइंट्स पर लगे स्पेशल टीम द्वारा विभिन्न अभियोगो में कुल 11851 चालान किए गए तथा बिना नंबर प्लेट एवं एचएसआरपी के अभियोग में 77 वाहनों का चालान किया गया। बैठक के दौरान यातायात निरीक्षक ने बताया कि सड़क सुरक्षा अभियान के अंतर्गत माह जून में कुल 11851 ई चालान किया गया तथा हेलमेट में कुल 7652 चालान किए गए। सीट बेल्ट में माह जून में 232 तथा ब्लैक फिल्म लगे कुल 75 वाहनों का चालान किया गया। इसके अलावा दो पहिया वाहनों पर अधिक सवारी के अभियोग में कुल 776 वाहनों का चालान किया गया।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने एआरटीओ एवं यातायात निरीक्षक को सभी प्रकार के अभियोग में चालानो की वृद्धि करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद को ट्रैफिक सिग्नल हेतु प्रोजेक्ट तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा। जिलाधिकारी ने शहर में मल्टी लेवल पार्किंग हेतु किसी कार्यदाई संस्था से स्टीमेट तैयार कर प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को शिक्षक अभिभावक मीटिंग में सड़क सुरक्षा के प्रति छात्रों के साथ ही अभिभावकों को भी जागरूक करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी को ब्लैक स्पॉट का सुधारीकरण एवं गति सीमा संकेतक चिन्हों को मानक के अनुरूप लगाए जाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को शहरी क्षेत्र के मार्गों पर प्रकाश की उचित व्यवस्था तथा आवारा पशुओं पर नियंत्रण करने के भी निर्देश दिए।इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी श्री प्रशांत नागर ,अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी आरएन सिंह यादव, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद दिनेश कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार उपाध्याय, जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र गुप्ता सहित सड़क सुरक्षा समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।


Posted

in

by

Tags: