दिन रात एक करने के बाद भी लोगों को मुश्किल से मिल पाता है सप्लाई का पानी, नगरपालिका प्रशासन बना उदासीन

मऊ – मऊ नगर पालिका प्रशासन द्वारा अपनी जनता की समस्याओं का समाधान न करने का खामियाजा यहां के बाशिंदों को भुगताना पड़ रहा है। शहर के बीचोबीच लोग पानी के लिए तरस रहे हैं अगर रात भर जाग कर पानी का इंतजाम न करें तो फिर पूरे दिन पानी के लिए तरसना पड़ जाता है। कई बार स्थानीय लोगों ने इस समस्या से नगरपालिका प्रशासन को अवगत कराया लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका।
नगरपालिका परिषद मऊ की उदासीनता का परिणाम है कि मऊ शहर के मुहल्ला मलिकटोला नई बस्ती, भेली बाजार, गोला बाजार आदि जगहों पर इस भीषण गर्मी में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है।
इन सभी मुहल्लों की पानी सप्लाई भेली बाजार स्थित ट्यूबवेल से की जाती है लेकिन ये ट्यूबवेल इन सभी मुहल्लों की पानी सप्लाई के लिए पर्याप्त नहीं है, लोगों के घरों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इसके लिए कई बार सभासद से भी शिकायत की गयी और सेराज खान के नेतृत्व में पालिकाध्यक्ष से मिलकर भी समस्या से अवगत कराया गया है, लेकिन पालिकाध्यक्ष तय्यब पालकी ने इसका अब तक कोई संज्ञान नहीं लिया और कोई सुनवाई नहीं हुई।
स्थानीय निवासी सतीश, गुड्डू गुप्ता, शमशाद खान, नसीम खान, सेराज खान, श्री कृष्ण, संजय आदि ने बताया कि मलिकटोला में नगरपालिका का कोई ट्यूबवेल नहीं है जिससे पानी की समस्या आ रही है इसके लिए कई बार नगरपालिका अध्यक्ष से ट्यूबवेल लगाने की भी मांग की गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
पानी की समस्या जन-जीवन से जुड़ी होने से ज़फर अहमद, रेयाज़ खान, सरफराज़ खान, फिरोज़ अहमद, मुनौवर अली, मेराज खान, सोहराब खान, शफीकुर्रहमान, लालू आदि का कहना है कि पानी के लिए दिन रात एक करना पड़ जा रहा है लेकिन यहां के स्थानीय लोगों की न तो सभासद को चिंता है और न ही नगरपालिका प्रशासन को। समस्या का समाधान न होने से लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
लोगों की मांग है कि जल्द से जल्द इस क्षेत्र में कहीं पर नया ट्यूबवेल स्थापित किया जाए जिससे लोगों के घरों में पानी की आपूर्ति सही ढंग से हो सके और समस्या का स्थायी समाधान निकल सके।


Posted

in

by

Tags: