नगरीय निकाय सामान्य निर्वाचन-2023: सोशल मीडिया पर विशेष नजर रखने के साथ ही वाहनों की सघन तलाशी का डीएम ने दिया निर्देश

नगरीय निकाय सामान्य निर्वाचन-2023 के दृष्टिगत जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समस्त नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी तथा रिटर्निंग ऑफिसर्स के साथ बैठक संपन्न

नगरीय निकाय सामान्य निर्वाचन- 2023 के दृष्टिगत आज जिलाधिकारी श्री अरुण कुमार की अध्यक्षता में समस्त नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों तथा रिटर्निंग ऑफिसर्स के साथ चुनाव की तैयारियों के संबंध में बैठक संपन्न हुई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने समस्त नोडल अधिकारियों से उनको सौपे गए दायित्वो की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए पूरी गंभीरता से चुनाव प्रक्रिया को सकुशल संपन्न कराने के निर्देश दिए।
चुनाव के दौरान महत्वपूर्ण लोगों के संभावित दौरे को देखते हुए जिलाधिकारी ने समस्त उप जिलाधिकारियों को उन्हें पूर्ण सुरक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संदेहास्पद एवं काले शीशों वाली गाड़ियों की सघन तलाशी लेने तथा चुनाव आचार संहिता का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने प्रत्याशियों द्वारा चुनावी सभा करने के उपरांत उनसे खर्चे का पूरा विवरण अवश्य लेने को कहा, जिससे उम्मीदवारों द्वारा किए जा रहे चुनावी खर्चे पर नजर रखी जा सके। चुनाव से संबंधित शिकायतों/सुझावों हेतु जारी टोल फ्री नंबर के माध्यम से कम शिकायतें आने पर उन्होंने टोल फ्री नंबर का अधिक से अधिक प्रचार प्रचार करने को भी कहा। संवेदनशील, अतिसंवेदनशील तथा अतिसंवेदनशील प्लस बूथों के निरीक्षण की जानकारी लेते हुए जिलाधिकारी ने समस्त उप जिलाधिकारियों को संबंधित सीओ के साथ सभी बूथों का निरीक्षण अवश्य कर लेने के निर्देश दिए। साथ ही पांच से ज्यादा बूथों वाले मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर वहां पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले ही सुनिश्चित कर लेने को कहा। मतपत्रों के तैयार होने की स्थिति के समीक्षा के दौरान उन्होंने संबंधित नोडल अधिकारी को निर्वाचन आयोग द्वारा जारी मानकों के अनुसार मतपत्रों को तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनपद की सीमा पर एफएसटी एवं एसएसटी टीमों की सक्रियता बढ़ाने को भी कहा। सोशल मीडिया पर उम्मीदवारों द्वारा किए जाने वाले प्रचार प्रसार के दृष्टिगत उन्होंने इस पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए। साथ ही नोडल अधिकारी सोशल मीडिया को पुलिस सोशल मीडिया सेल से समन्वय स्थापित करते हुए इस पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। मतदान के दौरान प्रयोग किए जाने वाले थैलों में सूची के अनुसार सारी सामग्रियां की रैंडमली चेकिंग करने के निर्देश समस्त उप जिलाधिकारियों को जिलाधिकारी द्वारा दिए गए। जिलाधिकारी ने पार्टी रवानगी स्थलों पर पर्याप्त संख्या में लाउडस्पीकर की भी व्यवस्था करने को कहा,जिससे दूर बैठे कार्मिकों को भी चुनाव से संबंधित घोषणाओं को स्पष्ट सुना जा सके। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने समस्त बूथों पर मूलभूत आवश्यकताओं की व्यवस्था की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने उपस्थित समस्त नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों तथा रिटर्निंग ऑफिसर्स को अपनी सक्रियता बढ़ाने तथा प्राथमिकता के आधार पर चुनाव से संबंधित कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस बल को भी अपनी सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही उम्मीदवारों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा।इसके अलावा गाड़ियों की सघन चेकिंग करने, अवैध असलहो पर नजर रखने आदि के भी निर्देश जिलाधिकारी द्वारा दिए गए। इस दौरान जिलाधिकारी ने पुलिस बलों की चुनाव के दौरान तैनाती की स्थिति, डाक मतपत्र की व्यवस्था, जनपद में कार्यरत एफएसटी एवं एसएसटी टीमों की संख्या, स्वीप के तहत की जा रही कार्यवाही, कोविड किट एवं मेडिकल किट की अद्यतन स्थिति आदि के बारे में भी जानकारियां लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी श्री प्रशांत नागर, अपर जिलाधिकारी श्री भानु प्रताप सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट श्री नीतीश कुमार सहित समस्त नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी तथा रिटर्निंग ऑफिसर्स उपस्थित थे।


Posted

in

by

Tags: