नगर निकाय चुनाव: सभासद पद के लिए बाप के खिलाफ़ बेटा उतरा चुनाव मैदान में

मऊ -निकाय चुनाव की तिथि अभी घोषित नहीं हुयी है, और चुनाव को लेकर अजब-गजब चीजें सामने आना शूरू हो गयी हैं।
ये पंक्तियाँ की हमें अपनों ने लूटा गैरों में कहाँ दम था- एक वार्ड के सभासद प्रत्याशी पर बिल्कुल चरितार्थ साबित हो रही हैं, जो कई बार से अपने वार्ड के सभासद रहे और अच्छे अच्छे प्रत्याशियों को धूल चटा कर विजयी होते रहे।
हम बात कर रहे हैं समाजवादी पार्टी के पूर्व नगर अध्यक्ष व वरिष्ठ सभासद ज़हीर सेराज की, जो इस बार भी डोमन पुरा वार्ड नंबर 34 के सभासद प्रत्याशी हैं, लेकिन इनके खिलाफ इनके ही पुत्र शादाब जहीर ने अपने आप को सभासद प्रत्याशी घोषित कर दिया और जगह जगह बाप के खिलाफ ही पोस्टर लगाकर लोगों से अपने पक्ष में वोट करने की अपील करने लगा। बाप-बेटे की ये रोचक जंग मुहल्लेवासियों के लिए चर्चा का विषय बन गयी, जनता भी अब असमंजस की स्थिति में है कि अपना वोट किस के पक्ष में दे।
लेकिन इतना जरूर है कि ज़हीर सेराज एक वरिष्ठ सभासद होने और अपने वार्ड में किए गए विकास कार्यों से जनता के लोकप्रिय रहे हैं।
इसी बीच जैसे ही बेटे ने बाप के खिलाफ चुनाव लड़ने की घोषणा के साथ ही पोस्टर लगा कर लोगों से अपने पक्ष में वोट करने की अपील करने लगा, बाप ने बेटे के खिलाफ एक आवश्यक सूचना के नाम से एक मैसेज सोशल मीडिया पर डाला जिसमें उन्होंने लिखा कि – “शादाब जहीर पुत्र जहीर सेराज इधर कुछ सालों से हर मोड़ पर बगावत करते दिखाई पड़ रहा है। शादाब के बागियाना तेवर से मैं आजिज आचुका हूं।
इसलिए मैं अपने बड़े पुत्र शादाब जहीर को अपनी सभी चल और अचल संपत्तियों से मैं बे दखल करता हूं। अब शादाब जहीर के किसी भी कृत्य का जिम्मेदार नहीं हूं।- जहीर सेराज पुत्र स्वर्गीय हबीबुर्रहमान पहलवान”
अब तो बाप बेटे की जंग चुनाव मैदान में क्या गुल खिलाएगी, जनता किस के साथ जाएगी ये तो अभी गर्त में है, आने वाला समय ही बताएगा कि जनता किस के पक्ष में जाती है।


Posted

in

by

Tags: