नहीं हुआ चांद का दीदार, 14 मई को मनाई जाएगी ईद, घर में अदा होगी नमाज़

मऊ – ईंद का चांद आज बुधवार को नज़र नहीं आया। अब ईद 14 मई दिन शुक्रवार को होगी और ईद की नमाज़ लोग घरों पर ही सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन करते हुए पढ़ेंगे।
ये बातें आज देर रात तक मदरसा दारूलओलूम मऊ में चली हेलाल कमेटी की मीटिंग के बाद जारी प्रेस नोट में कहा गया। बताया गया कि कल 13 मई को सभी लोग अपना तीसवां रोज़ा पूरा करेंगे।
बता दें कि आज चांद के दीदार को लेकर रोज़ेदार शाम से ही घरों की छतों पर जुटे हुए थे। लेकिन आज चांद का दीदार नहीं हो सका और कहीं से भी चांद की तस्दीक नहीं हो सकी, इस तरह अब रोज़ेदार अपने तीस रोज़े पूरे करेंगे। कोरोना महामारी के बीच लोग ईद की तैयारियों को अंतिम रूप दे रहे हैं। कोरोना संक्रमण के चलते किसी भी धार्मिक स्थल पर सामुहिक रूप से प्रार्थना व नमाज़ मना है।
हेलाल कमेटी मऊ के अनुसार अब मऊ में ईद की नमाज़ 14 मई दिन शुक्रवार को सुबह घरों पर ही पढ़ी जाएगी।
वहीं मऊ के घोसी की “अहले सुन्नत व जमाअत हेलाल कमेटी” ने एक पत्र जारी करते हुए चांद देखे जाने की तस्दीक करते हुए कल 13 मई को ही घोसी में ईद मनाने का फैसला किया है। ऐसी भी जानकारी मिली है कि घोसी में भी कल सभी लोग ईद नहीं मनाएंगे। घोसी में ईद मनाने को लेकर दो भागों में लोग बंटे हुए नज़र आए। जबकि मऊ हेलाल कमेटी ने ये घोषणा कर दी है कि चांद की कहीं से तस्दीक नहीं हुई है इसलिये कल रोज़ा रखा जाएगा और ईद 14 मई को मनाई जाएगी।


Posted

in

by

Tags: