प्रतिनिधिमंडल में शामिल वक्ताओं ने कहा; नहीं देखने को मिला पूर्व में कभी ऐसा नज़ारा, राष्ट्रीय फलक पर जल्द मऊ बनकर चमकेगा सितारा
मऊ (जुनैद अरसलान, बुनकर प्रवक्ता) – जनपद के कोपागंज क्षेत्र के मोहल्ला दोस्त पुरा के निवासी मौलवी मोहम्मद आरिफ के सुपुत्र आतिफ हेशाम द्वारा नीट परीक्षा में बेहतरीन कारकरदगी पर आज जमीयतुल उलेमा मऊ का एक प्रतिनिधिमंडल उनके घर पहुंचा और परिजनों को बधाई देने के साथ ही आतिफ हेशाम के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उन्होंने कहा कि बड़ी-बड़ी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में मऊ के बच्चे अपनी शैक्षिक योग्यताओं का लोहा मनवा कर देशभर में जिले का नाम रौशन कर रहे हैं। उनका कहना था कि इस प्रकार की उपलब्धि पूर्व में कभी देखने को नहीं मिली जिसमें एक साथ दर्जनों बच्चे नीट जैसी कठिन परीक्षा अच्छे अंकों के साथ उत्तीर्ण कर रहे हैं जो वास्तव में हमारे बच्चों की अत्यंत सराहनीय कारगुजारी है जिस पर वे कोटिशः बधाई और धन्यवाद के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि यदि यही सिलसिला जारी रहा तो वो दिन दूर नहीं जब मऊ जिला शिक्षा के क्षेत्र में राष्ट्रीय फलक पर किसी चमकदार सितारे की तरह चमकेगा और यहां के बच्चे देश के विभिन्न सम्मानित पदों पर आसीन होकर राष्ट्र एवं समाज की सेवा करेंगे।
बधाई देने वालों में विशेष रूप से जमीयत के जिलाध्यक्ष मौलाना खुर्शीद मिफ्ताही, मुफ्ती अब्दुल्ला नौमानी, मौलाना सोहेल अहमद, हाजी अजीजुल हसन, हाजी मुहम्मद असद, मौलवी राशिद इसरार और हुजैफा दनियाल आदि शामिल थे।
