नीट परीक्षा में सूर्यांश ने जनपद का नाम किया रौशन, साथ ही शहर के अन्य मेधावी छात्रों ने भी प्राप्त की सफलता

मऊ। (रिपोर्ट: सईदुज़्ज़फर) लक्ष्य को पूरा करने की दृढ़ इच्छा शक्ति मन में ठान लेने के पश्चात किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है। ऐसा ही सरफोरा (सूरजपुर) के होनहार छात्र सूर्यांश राय ने नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (नीट) की परीक्षा में पूरे भारतवर्ष में 470 रैंक पाकर जनपद का नाम रौशन कर दिखाया है। सूर्यांश ने बताया कि उन्होंने हाई स्कूल तक की परीक्षा ओबरा सैक्रेड हार्ट कन्वेंट स्कूल से वर्ष 2020-21 में पूरी करने के बाद इंटरमीडिएट की परीक्षा वाराणसी के लहरतारा स्थित सनबीम स्कूल से पूरी किये। उसके बाद वह नीट की परीक्षा में सम्मिलित हुए। बताया कि इस परीक्षा को पास करने के लिए वह प्रतिदिन 8 से 10 घंटे तक घर में पढ़ाई कर रहे थे। सूर्यांश के पिता इं दीपक राय बीएचईएल कंपनी ओबरा में सीनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत है तथा इनकी माता विनीता राय पोस्ट ग्रेजुएट होने के साथ कुशल गृहणी हैं। अपने माता पिता को आदर्श मानते हुए सूर्यांश ने बताया कि एमबीबीएस की शिक्षा वह भारतवर्ष में ही पूर्ण करेंगे। कहा कि विदेश में एमबीबीएस की शिक्षा लेने का कोई मन नहीं है। उन्होंने बताया कि इसके पूर्व जेईई की परीक्षा 99.5 फ़ीसदी अंक पाकर पास कर चुके हैं। वही आईआईटी के एग्जाम का भी 18 जून को परिणाम आना है। उम्मीद जताई कि वह भी अच्छे अंक से पास करेंगे। पढ़ाई के साथ सूर्यांश बैडमिंटन के अच्छे खीलाड़ी भी है। वह सीबीएसई के अंडर 14 ईस्ट जोन बिहार, झारखंड तथा उत्तर प्रदेश के चैंपियन रहते हुए नेशनल में क्वार्टर फाइनल तक खेल चुके हैं। पढ़ाई के साथ पौधरोपण उनका शौक है। वह पेड़ पौधों को जीवन का अभिन्न अंग मानते है
सूर्यांश की इस सफलता पर उनके शुभचिंतकों ने उज्जवल भविष्य की कामना किया है।
इसी तरह शहर के अन्य मेधावी छात्रों में मुन्शीपुरा निवासी मऊ रेलवे में रेलवे गार्ड के पद पर तैनात एम.रहमान व प्राइमरी स्कूल कोपागंज में प्राध्यापिका शगुफ़्ता शाहीन की पुत्री सोफिया रहमान, बुनकर कालोनी निवासी पूर्व चेयरमैन राना खातून की भतीजी सयीदुद्दीन खान उर्फ बबलू की बेटी असरा खान, मुहल्ला भिखारी पुरा (खीरीबाग) निवासी मुनव्वर अली की बेटी उम्मे अम्मारा, कोपागंज निवासी जावेद अख्तर के बेटे व डाॅ असअद (डेंटल) का भांजा फैज़ान अख्तर, कुर्थीजाफरपुर निवासी रघुनाथ यादव के बेटे अनंत यादव, कुर्थीजाफरपुर निवासी एक अन्य छात्र मौलाना लतीफुर्रहमान के बेटे फरहान आज़ाद, बकवल निवासी आलोक सिंह के बेटे आदित्या सिंह, छितनपुरा निवासी मदरसा दारूल ओलूम के पूर्व प्राध्यापक मौलाना फय्याज़ अहमद की बेटी व मुफ्ती रेहान मुबश्शीर की बहन तूबा परवीन ने भी 623 स्कोर के साथ नीट में सफलता प्राप्त की है।


Posted

in

by

Tags: