मुहम्मदाबाद गोहना/मऊ। मोहम्मदाबाद थाना कोतवाली अन्तर्गत मुहम्मदाबाद घोसी मार्ग पर स्थित तमसा नदी पुल पर आज एक युवती कूदने के लिए पुल से लटक गयी और अपने प्रेमी से शादी करने की जिद करने लगी और जोर जोर से चिल्ला कर कहने लगी कि अगर उस से शादी नहीं करवायी गयी तो नदी में कूद जाऊंगी। कुछ लोगों की नजर उस युवती पर पड़ी तो किसी तरह से लोगों ने उसे समझा बुझा कर बचाया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मोहम्मदाबाद कोतवाली लाकर पूछताछ कर रही है।

प्राप्त सूचना के अनुसार थाना मोहम्मदाबाद कोतवाली अन्तर्गत नगर पंचायत वलीदपुर मोहल्ला नयापुरा निवासी एक युवती जनपद आजमगढ़ के रहने वाले अपने प्रेमी से शादी करने के लिए परिजनों पर दबाव बनाने के लिए तमसा नदी पुल पर जाकर पुल से लटक गई और जोर से चिल्लाने लगी। मैं जब भी शादी करूंगी तो अपने प्रेमी से ही करूंगी। उसको जल्द से जल्द यहां पर बुलाया जाय, नहीं तो मैं नदी में कूदकर जान दे दूंगी। लड़की पर कुछ लोगों की नजर पड़ी तो वहां भीड़ इकठ्ठा हो गयी और बहुत समझाने के बाद किसी तरह से युवती को मना कर ऊपर लाया गया। इसकी सूचना पुलिस को हुई तो मौके पर पहुंचकर पुलिस ने लड़की को कब्जे में लेकर कोतवाली ले गयी और लड़की से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने इसकी सूचना लड़की के घर वालों को दे दिया है। दोनों पक्ष के परिजन कोतवाली में पहुंच गए हैं। दोनों पक्षों में शादी करने के लिए समझौता चल रहा था।