बच्चों एवं शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए सभी खण्ड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश

मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में जिला अनुश्रवण समिति एवं निपुण भारत मिशन की मासिक समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में हुई समपन्न

शिक्षण योजना व शिक्षक डायरी शिक्षकों द्वारा न भरने पर होगी कार्यवाही

मऊ – मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत नागर की अध्यक्षता में जिला अनुश्रवण समिति एवं निपुण भारत मिशन की मासिक समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में समपन्न हुई।
निपुण भारत मिशन के क्रियान्वयन पर विशेष बल देते हुए उन्होंने कहा कि समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारी अपने अपने विकास खंड को निपुण बनाने की कार्ययोजना प्रस्तुत करें, नैट परीक्षा को सुचितापूर्ण कराने की जिम्मेदारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं खण्ड शिक्षा अधिकारियों की होगी।
ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत जनपद के समस्त परिषदीय विद्यालयों को सामाजिक अथवा व्यक्तिगत सहयोग के माध्यम से कायाकल्पित किए जाने हेतु कायाकल्प विद्यांजलि पोर्टल के शतप्रतिशत क्रियान्वयन का निर्देश दिया। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिया कि समिति के किसी भी सदस्य द्वारा विद्यालयों की जांच की जाती है तो विद्यालय की सभी समस्याओं का उल्लेख करें, जिससे कमियों को ठीक करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा सके। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया कि विद्यालयों में शिक्षक एवं बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित कराएं। मध्यान भोजन योजना की गुणवत्ता परख करने के लिए औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए, जिससे मध्यान भोजन के साथ-साथ बच्चों की भी उपस्थिति का पता चल सके। मध्यान भोजन योजना के तहत किचन गार्डेन के लिए जनपद के 210 विद्यालयों में 5000 रुपए की धनराशि का अनुदान शासन स्तर से दिया गया है। जिसमें मौसमी सब्जी लगाया जाए और उस सब्जी का प्रयोग मध्यान भोजन में किया जाए। मध्यान भोजन के साथ दूध की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा, जिसमें बताया गया कि शासन स्तर से दूध की उपलब्धता के लिए जो धनराशि आवंटित है उस बजट में दूध उपलब्ध कराए जाने में समस्या उत्पन्न हो रही है। जिसपर मुख्य विकास अधिकारी ने शासन को बजट मांग के लिए पत्र भेजने के निर्देश दिए। कंपोजिट ग्रांट योजना के माध्यम से विद्यालयों में आवश्यक जरूरतों को पूरा कराने के निर्देश मुख्य विकास अधिकारी द्वारा दिए गए। जनपद में 1208 प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय संचालित है जिसमें प्रत्येक विद्यालय में एक अध्यापक पर बच्चों की संख्या कितनी है इसकी रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश मुख्य विकास अधिकारी ने दिए। मुख्य विकास अधिकारी ने जांच समिति के सदस्यों को निर्देश दिए कि निरीक्षण के दौरान शिक्षक डायरी को अवश्य देखें क्योंकि शिकायत आ रही है कि शिक्षकों द्वारा शिक्षक डायरी का प्रयोग नहीं किया जा रहा है। लापरवाह ए0आर0पी0 एवं शिक्षकों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसी क्रम में विकासखंड घोसी एवं फतेहपुर मंडाव के ए0आर0पी0 को स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, समस्त खंड शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


Posted

in

by

Tags: