मऊ (रिपोर्ट :सईदुज़्ज़फर :8009543112) :यूपी सरकार ने उत्तर प्रदेश अकादमी अवार्ड 2020 का ऐलान कर दिया है, यह घोषणा 16 दिसंबर 2021 को उर्दू अकादमी में चेयरमैन चौधरी कैफुल वरा की अध्यक्षता में कार्यकारिणी समिति की बैठक में की गई है। बैठक में कई श्रेणियों पुरस्कार घोषित किए गए हैं।
ज्ञात हो कि यह पुरस्कार सिर्फ उर्दू लेखन पर ही दिए जाते हैं। ऐसे में जब उर्दू अदब की बात आती है और मऊ का नाम ना आए ये कैसे हो सकता है।
उर्दू अदब में मऊ की अपनी एक अलग पहचान है। उर्दू अकादमी ने जब पुरस्कार की घोषणा की तो मऊ में एक साथ पांच लोगों को एवार्ड के लिए चयनित किया गया।
जिसमें मऊ के डोमनपुरा निवासी सीनियर रचनाकार, कथाकार व लेखक डॉ शकील अहमद की किताब “सफर की खूशबू” पर उर्दू अकादमी ने पुरस्कार की घोषणा की, इसी तरह मुहल्ला मुगल पुरा निवासी अमीरुलहसन के बेटे डॉ ज़हीर हसन ज़हीर की किताब “हरीम लफ्ज़ व मआनी” पर, मऊ के मलिक टोला निवासी हबीबुर्रहमान के बेटे डॉ आदिल एहसान की किताब “सालेहा आबिद हुसैन के सफरनामा का अदबी व तहकीकी जाएज़ा” पर, डोमनपुरा निवासी डॉ एम.नसीम आज़मी की बेटी डॉ अदिला नसीम की किताब “अक्स व आईना” पर, मऊ के प्यारेपुरा निवासी फिरोज़ अहमद की बेटी डॉ नुरुस्सबाह की किताब “उर्दू अफसानों में मसाएल-ए-निस्वां की अक्कासी” पर दस-दस हज़ार रूपये के इनाम की घोषणा की गयी है।
आप को बता दें कि उर्दू अकादमी की ओर से लाइफ टाइम अचीवमेंट के लिए राष्ट्रीय और अन्य प्रदेश स्तर के पुरस्कार दिये जाते हैं जिसमें उपन्यास, ड्रामा, हास्य, काल्पनिक, बाल साहित्य, आलोचना, मेडिकल, पत्रकारिता, रिसर्च, व्यंग्य, आत्मकथा, जीवनी आदि विधाएं शामिल होती हैं. यह पुरस्कार सिर्फ ऊर्दू लेखन पर ही दिए जाते हैं। उत्तर प्रदेश उर्दू अकादमी पुरस्कार 2020 जीतने वाले विजेताओं को 10,000 से लेकर 50000 रुपए तक के इनाम से सम्मानित किया जाएगा।
मऊ में एक साथ पांच गद्य की किताबों पर पुरस्कार मिलने से उर्दू अदब में खुशी का माहौल है, उर्दू पढ़ाओ तहरीक के कन्वेनर ओज़ैर गिरहस्त ने सभी को बधाई देते हुए कहा कि मऊ हमेशा से ही उर्दू के लिए पूरी दुनिया में जाना जाता रहा है, यहां के बड़े-बड़े मदरसे उर्दू अदब के लिए रीढ़ की हड्डी की तरह हैं जिसके बिना पर उर्दू जवां व रवां है, आज जिन पांच लेखक व लेखिकाओं की किताबों पर पुरस्कार की घोषणा की गई है सभी की प्राथमिक तो किसी की उच्च शिक्षा मदरसों से ही हुयी है।
एमएए फाउंडेशन के चेयरमैन जमाल अर्पण ने कहा कि मऊ के लिए ये एक बहुत बड़ी उपलब्धि है कि एक साथ पांच गद्य की किताबों को एवार्ड मिला है, और विशेषकर दो लेखिकाओं को बधाई जो मऊ की लड़कियों के लिए रोल मॉडल बनेंगी।
शायर व लेखक व सीनियर पत्रकार अमीर हमज़ा आज़मी ने अपने बधाई संदेश में कहा कि मऊ के लिए बेहद गर्व की बात है ऐसे सम्मान मिलने से अन्य संकाय सदस्य भी उत्साहित होते हैं। इससे वे भी आगे बढ़कर काम करते हैं। और इन्होंने उम्मीद ज़ाहिर की कि शायरी की दुनिया से भी अवश्य कुछ एवार्ड मऊ के लिए आने चाहिए क्योंकि यहां बड़ी संख्या में शायर भी हैं।
बधाई देने वालों में विशेष रूप से पूर्व पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल, डॉ आज़म, ओवैस तरफदार, ज़की महफूज़, डॉ नफीस अब्दुल हकीम, डॉ शाहनवाज़, सईदुज़्ज़फर, डॉ शमीम, हाशिम महमूद आदि शामिल रहे।

मऊ के पांच लोग उर्दू अकादमी एवार्ड के लिए चयनित, दो लेखिकाएं भी शामिल
Posted
in
by
Tags: