मऊ जनपद में होगा 24.61 लाख पौधा रोपण

मऊ- उत्तर प्रदेश शासन द्वारा वर्षाकाल 2021 में 30 करोड़ वृक्षारोपण जन आन्दोलन 2021 के अन्तर्गत मऊ जनपद में 24.61 लाख पौधों का रोपण किया जायेगा, जिसमें वन विभाग द्वारा 10.90 लाख एवं 13 अन्य विभागों द्वारा 13.71 लाख पौधों का रोपण किया जायेगा। वृक्षारोपण अभियान में जनपद के लक्ष्य को प्राप्त करने में ग्राम्य विकास विभाग, पंचायती राज विभाग, पर्यावरण, सहकारिता कृषि विभाग, उद्यान विभाग, नगर विकास, लोक निर्माण, जलशक्ति विभाग, पशुपालन विभाग, उद्योग विभाग, उर्जा विभाग एवं उच्च शिक्षा की भी महत्वपूर्ण भूमिका होगी। वृक्षारोपण हेतु आक्सीजन प्रदान करने वाले पीपल, पाकड़, बरगद, नीम आदि तथा इमारती प्रजाति शीशम, सागौन, कंजी, बकैन व औषधीय पौध अर्जुन, आंवला, नीम एवं फलदार प्रजातियों में आम, जामुन, अमरूद, बेल आदि प्रजातियों का रोपण किया जायेगा। मऊ जनपद में 30 करोड़ वृक्षारोपण जन आन्दोलन अभियान के अन्तर्गत मा0 सांसद, क्षेत्रीय विधायकों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों, जिला स्तरीय अधिकारियों एवं ग्राम पंचायत स्तर पर ग्राम प्रधानों द्वारा पौधरोपण किया जायेगा। इसके अतिरिक्त वृक्षारोपण अन्तर्गत निम्नलिखित कार्यक्रमों का भी समावेश किया जायेगा। स्मृति वन की स्थापना वन विभाग, मऊ द्वारा आवासीय कालोनी भुजाटी परिसर विकासखण्ड परदहाॅ, जनपद मऊ में स्मृति वन की स्थापना का प्रस्तावित है। जनपदवासियों से अनुरोध है कि वह अपने परिवारजनों की स्मृति में पौधरोपण करना चाहे तो वन विभाग के मोबाइल नं0- 9918924415 पर सम्पर्क करे। गंगा एवं सहायक नदियों के तटों पर 10 किमी0 क्षेत्र में पौधरोपण जनपद के अन्तर्गत गंगा एवं सहायक नदियों के तटों पर 10 किमी0 क्षेत्र में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया जायेगा। विरासत वृक्षों का संरक्षण मऊ जनपद के अन्तर्गत ग्राम कहिनौर विकासखण्ड परदहाॅ में बरगद को विरासत वृक्ष घोषित किया गया है, जिसके संरक्षण एवं महत्ता के सम्बन्ध में कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को अवगत कराया जायेगा एवं प्रचार-प्रसार किया जायेगा। शैक्षिक संस्थाओं में पौधरोपण के प्रति रूचि विश्वविद्यालय एवं अन्य शैक्षिक संस्थाओं में आनलाईन क्लासेज के दौरान छात्र-छात्राओं को वृक्षारोपण एवं पर्यावरण की महत्ता से अवगत कराया जायेगा एवं अधिक से अधिक वृक्ष लगाने हेतु प्रेरित किया जायेगा। महिला जनप्रतिनिधियों द्वारा पौधरोपण नवनिर्वाचित महिला प्रधानों एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा पौधरोपण कार्यक्रम किया जायेगा। कृषकों द्वारा पौधरोपण वृक्षारोपण जन आन्दोलन अभियान के अन्तर्गत कृषकों द्वारा अपनी निजी भूमि में वन विभाग के सहयोग से वृक्षारोपण किया जायेगा। इस क्रम में वन विभाग, मऊ द्वारा जनपदवासियों से अनुरोध किया गया है कि अधिक से अधिक पौध रोपित कर जैवविविधता में वृद्धि, वनावरण व वृक्षारोपण विस्तार, नदियों की पुर्नस्थापना, पशु पक्षियों को भोजन उपलब्ध कराना, कुपोषण की समस्या दूर करने एवं पर्यावरण को समृद्ध बनाकर जनपद को विकास पथ पर अग्रसर करने में वन विभाग, द्वारा किये जा रहे प्रयासों में सहभागी व सहयोगी बने।


Posted

in

by

Tags: