मण्डलायुक्त व डीआईजी ने किया उपकेन्द्र हेल्थ एण्ड वेलनेस सेन्टर का उद्घाटन

किसी भी दशा में हेल्थ एण्ड वेलनेस सेन्टर की सक्रियता प्रभावित नहीं होनी चाहिए: मण्डलायुक्त

मऊ- मण्डलायुक्त विजय विश्वास पन्त व डीआईजी अखिलेश कुमार ने विकास खण्ड मुहम्मदाबाद गोहना के अन्तर्गत ग्राम सभा खैराबाद में नवनिर्मित उपकेन्द्र हेल्थ एण्ड वेलनेस सेन्टर का शनिवार को संयुक्त रूप से उद्घाटन किया। इस अवसर पर मण्डलायुक्त श्री पन्त ने उपकेन्द्र प्रभारी को निर्देशित किया कि हेल्थ एण्ड वेलनेस सेन्टर की उपयोगिता निर्बाध्य रूप से बनी रहनी चाहिए, किसी भी दशा में इसकी सक्रियता प्रभावित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि इसमें जो उपकरण उपलब्ध नहीं हैं उन्हें तत्काल मंगाया जाय। इसके अलावा यदि मानव संसाधनों की कमी है तो उसे भी पूरा किया जाय। मण्डलायुक्त श्री पन्त ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का लाभ आम जन तक पहुंचाने में जन प्रतिनिधियों की विशेष भूमिका होती है। उन्होंने मौके पर उपस्थित ग्राम प्रधान खैराबाद सुमैना खातून, ग्राम प्रधान अतरारी अबरार अहमद, अध्यक्ष, नगर पंचायत मुहम्मदाबाद शकील अहमद ‘शब्बू’ सहित अन्य लोगों से सेन्टर की उपयोगिता बनाये रखने में अपना भरपूर सहयोग देने की अपेक्षा की। उन्होंने यह भी कहा कि इस सेन्टर पर उपलब्ध सेवाओं के बारे में अधिक से अधिक लोगों को बतायें तथा उन्हें स्वास्थ्य लाभ उठाने हेतु जागरुक करें। उद्घाटन से पूर्व मण्डलायुक्त एवं डीआईजी ने पूरे हेल्थ एण्ड वेलनेस सेन्टर का मुआयना किया तथा कमियों को इंगित करते हुए उसे तत्काल ठीक कराने हेतु निर्देशित किया। अधिकारीद्वय ने उक्त सेन्टर की शत प्रतिशत उपयोगिता बनाये रखने हेतु स्टाफ को आवश्यक टिप्स भी दिये।

    इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. दिनेश चन्द्रा, क्षेत्राधिकारी पुलिस राजकुमार सिंह, खण्ड विकास अधिकारी मुहम्मदाबाद चन्द्रभान मौर्य, समाज सेवी अबू होरैरा अन्सारी, रशीद मसऊद, सन्तोष जायसवाल, मैनेजर राशिद अन्सारी, हाजी परवेज़, संजय राय, जफर जमील आदि सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।

Posted

in

by

Tags: