मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना हेतु जनपद स्तरीय समिति की बैठक जिलाधिकारी की अध्यक्षता में संपन्न, लाभार्थियों को शादी के लिए मिलेंगे 51 हज़ार रूपये

मऊ – आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिला अधिकारी अरुण कुमार की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना हेतु जनपद स्तरीय समिति की बैठक संपन्न हुई।बैठक के दौरान समाज कल्याण अधिकारी उमाशंकर वर्मा ने बताया कि इस वर्ष कुल 150 लाभार्थियों हेतु बजट प्राप्त हो चुका है,एवं लोगों से सामूहिक विवाह हेतु आवेदन भी प्राप्त हो रहे हैं जिनका लगातार सत्यापन भी कराया जा रहा है।इस योजना के तहत प्रति जोड़े के हिसाब से कुल ₹51000 खर्च किए जाएंगे जिसमें से ₹35000 लाभार्थियों के सीधे खाते में भेजे जाएंगे। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने बताया की शासकीय नियमों के अनुसार ब्लॉक स्तर पर सामूहिक विवाह का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए जितने भी आवेदन आ रहे हैं उनमें से कम से कम 20 प्रतिशत जोड़ो का सत्यापन अवश्य कर लें। किसी भी अपात्र को इस योजना का लाभ ना मिल पाए।उन्होंने ब्लॉक स्तर पर ही टेंडर प्रक्रिया अपनाकर सामानों की खरीद के निर्देश दिए। क्रय समिति बाजार में सामूहिक विवाह हेतु खरीदे जाने वाले सामानों का सर्वे करा ले, एवं सर्वे के बेस प्राइस पर ही सामानों की खरीद करें। ब्लॉक स्तर पर इसका आयोजन संबंधित ब्लाक के खंड विकास अधिकारी एवं नगरीय क्षेत्रों में संबंधित अधिशासी अधिकारी कराएं। उन्होंने समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि लाभार्थियों को मिलने वाला पैसा उनके खाते में ही ट्रांसफर करें। बैठक के दौरान समस्त उपजिलाधिकारी, समस्त खंड विकास अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी,उपायुक्त जिला उद्योग,केंद्र दुग्ध अधिकारी मऊ,एवं अन्य सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।


Posted

in

by

Tags: