राजनैतिक दल प्रत्येक बूथों पर बी.एल.ए. की नियुक्ति कर मतदाता सूची के शुद्धिकरण में करे सहयोग: जिलाधिकारी

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में विधानसभा निर्वाचक नामावलियो के संक्षिप्त पुनरीक्षण के संबंध में राजनीतिक दलों की प्रतिनिधियों के साथ बैठक संपन्न

मऊ – आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्री अरुण कुमार की अध्यक्षता में विधानसभा निर्वाचक नामावलियो के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के संबंध में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक संपन्न हुई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर अर्हता तिथि 1 जनवरी 2023 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन के निर्वाचक नामावलियो का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 9 नवंबर से प्रारंभ होगा। 9 नवंबर को ही विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियो का प्रकाशन किया जाएगा,जिसके उपरांत 8 दिसंबर तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावे एवम् आपत्तियों का निस्तारण 26 दिसंबर 2022 तक किया जाएगा। फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियो का अंतिम प्रकाशन 5 जनवरी 2023 को किया जाएगा। इस दौरान 4 तिथियों में विशेष अभियान दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने हेतु चलाए जाएंगे जो क्रमशः 12 नवंबर दिन शनिवार, 20 नवंबर दिन रविवार, 26 नवंबर दिन शनिवार तथा दिनांक 4 दिसंबर 2022 दिन रविवार निर्धारित है। विशेष अभियान की तिथियों को छोड़कर शेष दिनों में बी.एल.ओ. द्वारा घर-घर सत्यापन का कार्य किया जाएगा। घर-घर सर्वे के दौरान यदि कोई मतदाता 1 जनवरी की अर्हता तिथि के अतिरिक्त 1 अप्रैल, 1 जुलाई एवं 1 अक्टूबर को अर्हता प्राप्त कर रहे हैं तो उन सभी अर्हता प्राप्त मतदाताओं से फॉर्म 6 प्राप्त कर उनका भी नाम मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा। इस दौरान बी.एल.ओ. द्वारा आश्रयहीन, घुमंतू बंधुआ मजदूरों, विकलांग आदि व्यक्तियों का पात्रता के अनुसार मतदाता सूची में नाम शामिल किए जाने की कार्यवाही की जाएगी।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मतदाता सूची में फर्जीवाड़े को रोकने के लिए सहयोग करने को कहा। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को प्रत्येक बूथ के लिए बी.एल.ए. की नियुक्ति कर सूची उपलब्ध कराने एवं विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान बी.एल.ओ. को सहयोग करने की भी अपील की, जिससे निर्वाचन निर्वाचक नामावलियो के पुनरीक्षण के समय मृत, स्थानांतरित तथा डुप्लीकेट मतदाताओं की सही जानकारी उपलब्ध हो सके एवं मतदाता सूची को अधिक से अधिक शुद्ध किया जा सके।
बैठक के दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी श्री अभय पांडे,सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी, एवं समस्त मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।


Posted

in

by

Tags: