मऊ -(सईदुज़्ज़फर) लंबे समय से बारिश न होने से मुरझाए लोगों के चेहरे खिल गए जब लंबे इंतजार के बाद गुरुवार को सुबह 10 बजे से ही झमाझम बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी। सावन की पहली मूसलाधार बारिश से जगह जगह जल जमाव भी हो गया
वहीं गन्ना और धान की सूख रही फसल को नया जीवन मिल गया है। धान की रोपाई शुरू हो गई है। इसी के साथ उमस भरी गर्मी झेल रहे लोगों ने राहत महसूस की है। बुधवार से ही मौसम ने करवट ली और हल्की बारिश हुयी लेकिन आज गुरुवार को सुबह से ही मौसम सुहाना था। दस बजे तक काली घटाओं ने आसमान को अपने आगोश में ले लिया। देखते ही देखते झमाझम बारिश शुरू हो गई। करीब दो घंटे से लगातार झमाझम बारिश हो रही है । काफी दिनों से उमस भरी गर्मी झेल रहे लोग बारिश में छतों पर आ गए और बारिश का जमकर आनंद लिया। सूखे के डर से मुरझाए किसानों के चेहरे खिल गए हैं। हालांकि जगह-जगह जलजमाव से लोगों को समस्याओं का सामना भी करना पड़ रहा है।
आज जब झमाझम बारिश हुई तो लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। बच्चे भी बारिश का आनंद लेने सड़कों पर आ गए। आसमान में छाये काले बादलों के कारण सड़कों पर अंधेरा सा छा गया है, विद्युत सप्लाई भी बाधित है।

लंबे इंतज़ार के बाद सावन में झूम कर बरसे बदरा, गर्मी से मिली राहत, किसानों के खिले चेहरे
Posted
in
by
Tags: