मऊ- प्रतिभा का सम्मान होना चाहिए जिससे छात्रों के अंदर आगे बढ़ने और देश, शहर सहित अपने माता-पिता का नाम रौशन करने का जज़्बा कायम रहे, बहुत सी प्रतिभाएं संसाधन होने के बाद भी मार्गदर्शक न होने से अपने आप में ही दम तोड़ देती हैं उक्त बातें आज घोसी के तीन छात्रों के नीट क्वालीफाई करने पर घोसी बधाई देने पहुंचे स्कालर फाउंडेशन के डायरेक्टर ओवैस तरफदार ने कहीं।
घोसी में महमूद अंसारी के आवास पर पहुंचे स्कालर फाउंडेशन से ओवैस तरफदार, ओज़ैर गृहस्त व सईदुज़्ज़फर ने तीनों सफल छात्रों से वहीं मुलाकात कर बधाई दी।
इस अवसर पर छात्रों को बधाई देते हुए ओवैस तरफदार ने कहा कि घोसी जैसी छोटी सी जगह पर एक ही मुहल्ले के तीन छात्रों का एक साथ सफल होना घोसी के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा और आने वाली नस्लों के लिए भी एक मार्गदर्शक बनेंगे, इन्होने सफल छात्रों से परिचय प्राप्त करने के साथ ही उन्हें लक्ष्य पर डटे रहने के भी सुझाव दिए, लक्ष्य प्राप्ति के साथ ही अपने शहर में आकर लोगों की सेवा करें क्योंकि डाक्टर को भगवान का दूसरा रूप माना जाता है। इन्होंने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि उम्मीद है कि ये सफल छात्र लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरेंगे।
आगे उन्होंने छात्रों से बात करते हुए कहा कि मैं आप लोगों की सफलता से बहुत प्रभावित हूं क्योंकि एक छोटी सी जगह से आप लोग निकल कर सामने आए हैं, मऊ में बहुत से मोटिवेशनल प्रोग्राम होते हैं जिसका परिणाम है कि मऊ के छात्र भी सफलता की नयी इबारत लिख रहे हैं। बड़ी संख्या में इस बार मऊ जनपद से छात्रों का सफल होना ये दर्शाता है कि बच्चों ने भी अपने मां बाप के सपनों को पूरा करने की ठान ली है।
ओज़ैर गृहस्त ने बधाई देते हुए कहा कि हर माँ बाप का सपना होता है कि उसकी संतान पढ़ लिख कर कुछ बने आज आप सभी ने सफल होकर अपने मां बाप को मायूस नहीं किया और सफल होकर ये दिखा दिया कि कुछ करने का इरादा हो तो लगन और मेहनत से उसे प्राप्त किया जा सकता है।
इस अवसर पर महमूद अंसारी ने अपने आवास पर आए हुए सभी आगन्तुकों का शुक्रिया अदा किया।

