समस्याओं का निराकरण समयबद्ध रूप से तथा गुणवत्तायुक्त होना चाहिए: मण्डलायुक्त

मण्डलायुक्त व डीआईजी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस पर मुहम्मदाबाद गोहना में सुनी आम जन से उनकी समस्यायें

मऊ- मण्डलायुक्त विजय विश्वास पन्त व डीआईजी अखिलेश कुमार ने शनिवार को तहसील मुहम्मदाबाद गोहना में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर आम जन से उनकी समस्यायें सुनी। इस दौरान अधिकारियों के समक्ष कुल 85 प्रकरण प्रस्तुत किये गये जिसमें राजस्व के 53, पुलिस के 10, विकास के 7 तथा शेष अन्य विभागों से सम्बन्धित थे। मौके पर जहॉं तीन प्रकरणों का निस्तारण किया गया वहीं कई मामलों में सायं तक रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया। मण्डलायुक्त ने शेष प्रकरणों को निर्धारित समयावधि के अन्दर अनिवार्य रूप से निस्तारित किये जाने के निर्देश के साथ सम्बन्धित विभागों को हस्तान्तरित किया। सम्पूर्ण समाधान दिवस में उप मुख्य चिकित्साधिकारी उपस्थित नहीं थे, जिसपर मण्डलायुक्त श्री पन्त ने नाराजगी व्यक्त करते हुए उनका स्पष्टीकरण प्राप्त करने तथा एक दिन का वेतन अदेय किये जाने हेतु निर्देशित किया। आम जन से उनकी समस्याओं की सुनवाई के दौरान कतिपय फरियादियों द्वारा उसी समस्या को लेकर पूर्व के सम्पूर्ण समाधान दिवसों में भी प्रार्थना पत्र दिये जाने के सम्बन्ध में अवगत कराया गया। मण्डलायुक्त ने इसे गंभीरता से लेते हुए उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि समस्याओं का निराकरण समयबद्ध रूप से गुणवत्तायुक्त होना चाहिए। उन्होेंने कहा कि निराकरण ठोस एवं गुणवत्तायुक्त नहीं होने के कारण एक ही मामले को लेकर लोगों को अनावश्यक भाग दौड़ करनी पड़ती है, यह किसी भी दशा में उचित नहीं है, इस ओर विशेष ध्यान दिये जाने की आवश्यकता है तथा सुनिश्चित किया जाये कि भविष्य में इसकी पुनरावृत्ति न होने पाये।

  मण्डलायुक्त श्री पन्त ने इसी क्रम में यह भी कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस से सम्बन्धित निस्तारण रजिस्टर के अवलोकन में ऐसे प्रकरण पर्याप्त संख्या में पाये जाते हैं जो कतिपय न्यायालयों में विचाराधीन होते हैं, परन्तु उसके निस्तारण हेतु प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर दिया जाता है। उन्होंने आम जन से कहा कि न्यायालयों में विचाराधीन वादों से सम्बन्धित प्रकरण प्रस्तुत न करें। इसके अलावा प्रार्थना पत्र अपना अथवा अपने परिवार के किसी सदस्य का मोबाइल नम्बर अवश्यक अंकित करें।

  डीआईजी अखिलेश कुमार ने पुलिस से सम्बन्धित मामलों की सुनवाई करते हुए मौके पर उपस्थित थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि भूमि विवाद से सम्बन्धित जिन मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम भेजे जाने के निर्देश दिये हैं, उनमें मौके पर समय से अवश्य जायें तथा मौके पर शांति व्यवस्था बनाये रखना सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सभा थाना प्रभारी अपने अपने क्षेत्र में शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने के दृष्टिगत अवांछनीय तत्वों की निरन्तर निगरानी करें, किसी भी दशा में शांति व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए।

  इस अवसर पर उपजिलाधिकारी मनोज तिवारी, क्षेत्राधिकारी पुलिस राजकुमार सिंह, तहसीलदार राहुल कुमार सहित अन्य विभागों के अधिकारी, तथा सम्बन्धित थाना प्रभारी उपस्थित थे।

Posted

in

by

Tags: