सिर्फ ऐप पर डाटा भरने की खाना पूर्ति न करें, बच्चों की उपस्थिति न बढ़ने पर होगी संबंधित के खिलाफ कार्यवाही

निपुण लक्ष्य में प्रगति लाएं अकादमिक टीम

मऊ – मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत नागर की अध्यक्षता में बेसिक शिक्षा योजना अंतर्गत जिला अनुश्रवण समिति/निपुण भारत एवं ए0आर0पी0/एस0आर0जी0 की मासिक समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई।
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने जनपद स्तरीय एस0 आर0जी0,बी0ई0ओ0, डायट मेंटर और ए0आर0पी0 की एकेडमिक टीम समीक्षा में कहा कि एकेडमिक टीम विद्यालयों को निपुण बनाने की कवायद में तेजी लाएं और प्रत्येक मासिक बैठक में प्रगति प्रस्तुत करें। बुधवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा0 संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक हुई। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी बी0ई0ओ0, एस0आर0जी0, डायट मेंटर और ए0आर0पी0 को निर्देशित किया कि विभाग द्वारा विद्यालयों को उपलब्ध कराई गयी सामग्री का शत प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित कराएं। मात्र ऐप पर डाटा भरने की खाना पूर्ति न करें। ऐसा संज्ञान मे आने पर उत्तरदायित्व निर्धारित किया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा एस0आर0जी0, ए0आर0पी0 डायट मेंटय के कार्य एवं दायित्व के संबध में फीडबैक लिया गया, जिसे जिला समन्वयक प्रशिक्षण सी0डी0 यादव एवं स्टेट रिसोर्स ग्रुप के सदस्य अरविंद पाण्डेय ने बिंदुवार प्रस्तुति दी। इस दौरान बेसिक शिक्षा अधिकारी ने समस्त बी0ई0ओ0 को निर्देशित किया कि ब्लाक स्तरीय एकेडमिक टीम बनाकर टाप टेन विद्यालयों को ए0आर0पी0 वार बैठक भी सुनिश्चित करें। मुख्य विकास अधिकारी ने दीक्षा एप, निपुण लक्ष्य एप, शिक्षण योजना निर्माण तथा शिक्षक डायरी अद्यतन किये जाने हेतु आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य रूप से प्राचार्य डायट डाक्टर बी0भारती, समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारी, सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी, एस0आर0जी0 अरविंद पाण्डेय, संजय तिवारी, राकेश,नगर ए0आर0पी0 चन्द्रधर राय, समस्त डायट प्रवक्ता सहित सभी ए0आर0पी0 उपस्थित रहे।


Posted

in

by

Tags: