मऊ – आज कलेक्ट्रेट सभागार में संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के जनपद स्तरीय अंतर्विभागीय समन्वय समिति की बैठक जिलाधिकारी अरुण कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान जनपद में दिनांक 1 जुलाई से 31 जुलाई तक एवं संचारी रोग नियंत्रण अभियान के एक घटक के रूप में दस्तक अभियान 16 जुलाई से 31 जुलाई तक चलाया जाएगा। संचारी रोग नियंत्रण अभियान हेतु चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को नोडल विभाग के रूप में कार्य करना है। इसके अलावा ग्राम विकास/पंचायती राज विभाग, आई0सी0डी0एस0, शिक्षा विभाग, नगर निगम/शहरी विकास, कृषि विभाग, पशुपालन विभाग आदि समन्वय स्थापित कर संचारी रोग नियंत्रण अभियान को सफल बनाने में सहयोग करेंगे। दस्तक अभियान के तहत प्रशिक्षित फ्रंटलाइन वर्कर्स आशा एवं आगनवाड़ी कार्यकत्री घर-घर जाकर विभिन्न रोगों के नियंत्रण एवं उपचार की जानकारी प्रदान करने हेतु प्रचार-प्रसार करेंगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया दस्तक अभियान के तहत ही आशा एवं आगनवाड़ी कार्यकत्री कुपोषित बच्चों एवं विभिन्न रोगों के लक्षण युक्त व्यक्तियों का चिन्हीकरण कर सूची भी तैयार करेंगी। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने संचारी रोग नियंत्रण हेतु विभिन्न विभागों को उनके सौपे गए कार्यों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को संचारी रोग नियंत्रण के लिए एक कार्य योजना बनाकर कार्य करने को कहा, साथ ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि आशा एवं आगनबाडी कार्यकत्री दस्तक अभियान के दौरान हर घर पर अवश्य पहुंचे। दस्तक अभियान के दौरान लापरवाही मिलने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को दिए। संचारी रोग गंदगी एवं जागरूकता की कमी के कारण फैलता है। इसके दृष्टिगत जिलाधिकारी ने साफ सफाई एवं संचारी रोगों से बचाव के प्रति लोगों को जागरूक करने के भी निर्देश दिए। इस दौरान पशु चिकित्सा अधिकारी परदहां के खिलाफ पिजड़ा स्थित गौशाला के दुर्रब्यवस्था के संदर्भ में अभी तक आरोप पत्र दाखिल नहीं किए जाने पर जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी राम सिंह वर्मा के अलावा मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला विकास अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

16 जुलाई से 31 जुलाई तक चलाया जाएगा संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान
Posted
in
by
Tags: