मऊ। आज नगर पालिका परिषद, मऊ के चेयरमैन श्री मु0 तय्यब पालकी व अधिशासी अधिकारी श्री संजय कुमार मिश्रा ने सोमवार को नगर क्षेत्र के रोडवेज़, ढेकुलिया घाट बन्धा, व अस्तपुरा आदि क्षेत्रों में भ्रमण कर नगर पालिका द्वारा कराये जा रहे नाला सफाई कार्य का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर नाले की सफाई बेहतर तरीके से न होने पर पालिकाध्यक्ष ने नाराजगी जतायी और अपने निर्देश में सम्बन्धित को सख्त निर्देश देते हुये कहा कि नाले के सिल्ट की सफाई तली तक की जाये, ताकि जल निकासी में कोई समस्या उत्पन्न न होने पाये और बरसात का पानी आसानी से नगर क्षेत्र से बाहर निकल जाये। पालिकाध्यक्ष ने बरसात के आसार को देखते हुए नाला सफाई कार्य में तेज़ी लाने के भी सम्बन्धित को निर्देश दिये। पालिकाध्यक्ष ने कहा कि इसमें किसी प्रकार की कोई शिथिलता क्षम्य नहीं की जायेगी। ज्ञातव्य हो कि आगामी बरसात को दृष्टिगत रखते हुए नगर पालिका द्वारा नगर क्षेत्र स्थित सभी नालों एवं नालियों की सफाई युद्ध स्तर पर की जा रही है। निरीक्षण के दौरान पालिकाध्यक्ष के साथ अधिशासी अधिकारी संजय कुमार मिश्रा, निर्माण जेई0 सी0पी0 दूबे, सफाई एवं खाद्य् निरीक्षक सत्य प्रकाश, नरेन्द्र कुमार, वार्ड नं0 20 अस्तुपुरा के सभासद विनोद गुप्ता आदि साथ रहे। अधिशासी अधिकारी श्री संजय कुमार मिश्रा ने मुंशीपुरा वार्ड का भी निरीक्षण किया। जिसमें वार्ड सभासद शमीम अहमद निर्माण जेई0 सी0पी0 दूबे, सफाई एवं खाद्य् निरीक्षक सत्य प्रकाश, नरेन्द्र कुमार, आदि साथ रहे।

