मऊ- आज 2 अक्टूबर गांधी जयंती के अवसर पर शिफा हेल्थकेयर मऊ की तरफ से डोमनपुरा फैज़ी गेट स्थित आलिया निस्वां स्कूल में निःशुल्क चिकित्सा शिविर लगाया गया। इसमें 150 से अधिक लोगों की जांच कर उन्हें आवश्यक दवाएँ दी गईं साथ ही साथ गांधी जी व लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती पर स्वच्छता का संदेश भी दिया गया।
शिफा हेल्थकेयर मऊ के इस कैंप में शहर के प्रसिद्ध चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं, इस कैंप में लोगों के फ्री इलाज व परामर्श के लिए डॉ मो.दानिश (एमबीबीएस, एमडी), डॉ कलीम जावेद (एमबीबीएस, एमडी), डॉ वसीम अकरम (एमबीबीएस, डीसीएच), डॉ जावेद मंज़र (बीयूएमएस, एमडी) की सेवाएं उपलब्ध रहीं। इन सभी चिकित्सकों ने मरीज़ों को उचित परामर्श के साथ ही उचित सलाह दिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सीएमओ मऊ के प्रतिनिधि के रूप में डॉ अशफ़ाक अहमद उपस्थित थे जिन्होंने इस मेडिकल कैंप की सराहना करते हुए कहा कि ये कैंप बहुत ही सफल रहा क्योंकि लगातार बारिश के बीच भी बड़ी संख्या में मरीज़ों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करायी और निःशुल्क कैंप का लाभ लिया, उन्होंने बताया कि सीएमओ कुछ व्यस्तता के कारण इस कैंप में नहीं आ सके।
शिफा हेल्थकेयर मऊ के अध्यक्ष इशरत कमाल एडवोकेट ने कहा कि ये हम लोगों का अभी एक छोटा प्रयास था आगे भी इस तरह के कैंप का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हर तरह के रोगियों के लिए इलाज व परामर्श की उचित व्यवस्था रहेगी।
शिफा हेल्थकेयर मऊ के सचिव मौलाना मज़हर आज़मी ने कहा कि इस्लाम धर्म मानव सेवा की भी शिक्षा देता है और लोगों की सेवा करना भी धर्म का ही एक हिस्सा है, इस कैंप के आयोजन का उद्देश्य भी यही है कि जो लोग परेशान हैं और पैसे के अभाव में उचित इलाज नहीं करवा पा रहे हैं या जो लोग बड़े डाक्टरों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं उनके लिए शिफा हेल्थकेयर द्वारा निःशुल्क इलाज की व्यवस्था की गई और ये आगे भी जारी रहेगी। शिफा हेल्थकेयर की तरफ से उपस्थित सभी डॉक्टरों को स्मृति चिन्ह भी भेंट किया गया।
इस अवसर पर शिफा हेल्थकेयर मऊ के सदस्यों में शकील यूनाइटेड, अजमल किरण, मोलवी शोएब,अरशद जमालपुरा, शाहिद गुड्डू, सलमान अबरार, सरफ़राज़ सिमको, मोहम्मद तारिक़, हाजी अतीकुर्रहमान आदि उपस्थित रहे और इस कैंप के संचालन में अपना महत्त्वपूर्ण योगदान दिया।
