मऊ: जनपद मऊ के हलधरपुर में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के 19 वें स्थापना दिवस पर आयोजित रैली में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। दोनों पार्टियों के नेता एक दूसरे के रंग में रंगे नज़र आए अखिलेश यादव ने सुभासपा का पीला गम्छा तो ओमप्रकाश राजभर के सर पर सपा की लाल टोपी थी। इन नेताओं ने साझा रैली में एकता का प्रदर्शन किया और केंद्र-प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला, अखिलेश यादव ने दावा किया कि भाजपा को सत्ता में लाने वाला रास्ता ओम प्रकाश राजभर ने बंद कर दिया है अब हम लोग उसमें सिटकनी लगाने का काम करेंगे यूपी में भी अब बंगाल की तरह खदेड़ा होगा। यहां बड़ी संख्या में लाल पीला रंग देख कर दिल्ली और लखनऊ में बैठे लोग भी लाल पीले हो रहे होंगे। उन्होंने कहा कि ये आपके भविष्य का चुनाव है, और ये लोग चुनाव से पहले कोई बड़ा षडयंत्र कर सकते है, लेकिन आप लोग वोट करने से पहले महंगाई, बेरोजगारी और कानून व्यवस्था को याद रखें। और जिस तरह से बंगाल में खेला हुआ, उसी तरह अब यूपी में खदेड़ा होबे। प्रदेश में अब जो गठबंधन हुआ है उससे भाजपा का सफाया होगा। क्योंकि यूपी की सियासत पूर्वांचल से ही होकर गुज़रती है। भाजपा ने जो सपने दिखाए थे और झूठ बोलकर जनता को बरगलाया, अब कोई साजिश सफल नहीं होगी।
आगे अखिलेश यादव ने कहा कि कोरोना काल में गरीबों को अनाथ छोड़ दिया। अब मेडिकल कॉलेज खोले गए उद्घाटन कर दिया गया और पर्दा हटा तो अंदर कुछ भी मौजूद नहीं है। अब लखनऊ वाले दिल्ली वालों के लिए, और दिल्ली वाले प्रदेश के लिए झूठ बोल रहे हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि पूर्वांचल जब जाग जाता है तो इतिहास बदलता है। पूर्वांचल से तय हो जाता है कि इतिहास बदलेगा। 2022 के चुनाव में भाजपा का यूपी से सफाया हो जाएगा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा झूठ बोलने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा- हक मांगने पर किसानों पर मंत्री के बेटे ने गाड़ी चढ़ा दी। मंत्री को अभी भी हटाया नहीं गया। आखिर जनता को कैसे मिलेगा न्याय? अखिलेश ने आरोप लगाया कि कोरोनाकाल में ना तो ऑक्सीजन मिल रही थी, ना दवाई और ना अस्पताल। ना जाने कितने मजदूर चलते-चलते मर गए। लोग देश के अलग-अलग हिस्सों से पैदल वापस लौटे। उन्होंने कहा कि इस गठबंधन को रोकने वाला अब कोई नहीं है।
सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव को प्रदेश का अगला मुख्यमंत्री बनाने की अपील की और कहा कि आप लोगों के बीच 2022 के मुख्यमंत्री को लेकर आए हैं । उन्होंने कहा कि लखनऊ से दिल्ली तक सरकार को बदलना है। उन्होंने दावा किया कि बंगाल में खेला हुआ और यूपी में खदेड़ा होगा।

