तीन बार से अधिक गर्म करने पर खाद्य तेल बन जाता है जहरीला

मऊ जनपद के कुछ रेस्टोरेंट्स द्वारा दिए गए प्रतिमाह 1000 लीटर खाद्य तेलों से बनेगा बायोडीजल

मऊ। किसी भी खाद्य तेल में गर्म करने के बाद लगातार तीन बार ही उसमें पकवान छाना जा सकता है। उससे अधिक उस खाद्य तेल को गर्म करने पर वह शरीर के लिए जहर का काम करता है। इसके बाबत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा गाजीपुर तिराहा स्थित एक कम्युनिटी हाल में जागरूकता अभियान के तहत व्यापारियों को जागरुक किया गया। जिला अभिहित अधिकारी एसके त्रिपाठी की अध्यक्षता में शनिवार को जागरूकता शिविर आयोजित की गई।
इस जागरूकता शिविर को संबोधित करते हुए जिला अभिहित अधिकारी एसके त्रिपाठी ने बताया कि अच्छे से अच्छे ब्रांड का खाद्य, तेल रिफाइन भी तीन बार गर्म करने के बाद खराब हो जाता है। ऐसे में उसे घर की रसोई में भी नहीं प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने व्यवसायियों के साथ ही आम जनता को आगाह करते हुए कहाकि किसी भी सूरत में तीन बार से अधिक गर्म किए गए खाद्य तेल का प्रयोग खाने की सामग्री के लिए ना करें। इसे नष्ट करें या संभव हो तो बायोडीजल बनाने वाली कंपनियों को बेच दें।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आरके दीक्षित ने रेस्टोरेंट, होटल, मिठाई की दुकान से संबंधित व्यवसायियों को संबोधित करते हुए कहाकि किसी भी ब्रांड का खाद्य तेल, रिफाइन, घी इत्यादि तीन बार कढ़ाई में गर्म करने के बाद अधिकतम 3 बार ही प्रयोग में लाएं। अन्यथा व खाद्य तेल अखाद्य के रूप में परिवर्तित हो जाता है, जो शरीर के लिए काफी नुकसानदायक साबित होता है। उन्होंने जागरूक करते हुए कारोबारियों को आगाह किया कि तीन बार से अधिक तेल, घी या रिफाइंड में पकवान बनाए जाने पर कड़ी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। संबंधित व्यवसायियों द्वारा प्रयोग किए गए खाद्य तेल के उपयोग के बाबत जानकारी मांगे जाने पर विभाग द्वारा बताया गया कि 3 बार गर्म हो चुके खाद्य तेलों को एक कंपनी द्वारा 25 से ₹30 प्रति लीटर की दर से ले लिया जाएगा। जिसे बायोडीजल के रूप में प्रयोग किया जा सकता है। इस संबंध में लखनऊ से आए संबंधित संस्था के प्रतिनिधि द्वारा उद्यमियों से एक अनुबंध के तहत प्रयोग हो चुके 1000 लीटर प्रतिमाह खाद्य तेलों को लिए जाने की बात तय की गई। इस शिविर में खाद्य कारोबार के लाइसेंस निर्माण व नवीनीकरण के बावत भी निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर व्यापार मंडल अध्यक्ष डॉक्टर रामगोपाल, जिला महामंत्री कन्हैयालाल जायसवाल के साथ ही जनपद के खाद्य सामग्री व्यवसाई राजवती स्वीट्स, छप्पन भोग, गुलाब मिष्ठान, शिव शक्ति मिष्ठान सहित तमाम रेस्टोरेंट्स और मिठाई की दुकान संचालक इत्यादि उपस्थित रहे।


Posted

in

by

Tags: