मिर्ज़ाहादीपुरा चौक पर अपर ज़िलाधिकारी श्री केहरी सिंह ने हरी झण्डी दिखाकर किया विशेष स्वच्छता अभियान का शुभारंभ
मऊ। कोविड-19 एवं अन्य वेक्टर जनित रोगों के रोकथाम हेतु विशेष स्वच्छता अभियान चलाये जाने के शासन के निर्देश के क्रम में नगर पालिका परिषद मऊ द्वारा नगर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इस विशेष स्वच्छता अभियान का शुभारंभ आज नगर मजिस्ट्रेट जे0एन0 सचान, अधिशासी अधिकारी संजय कुमार मिश्रा की उपस्थिति में अपर ज़िलाधिकारी श्री केहरी सिंह द्वारा मिर्ज़ाहादीपुरा चौक से हरी झण्डी दिखाकर किया गया। शहर में कोविड-19 को दृष्टिगत रखते हुए पालिका की सफाई विभाग का पूरा अमला जहां गली-कूचों से लेकर चैराहों व सार्वजनिक स्थानों पर सफाई कर ब्लीचिंग पाउडर सहित कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कर रहीं हैं। तो वहीं मिर्ज़ाहादीपुरा से डोमनपुरा, सदर चैक, भीटी, बरपुर, बलिया मोड़, रोडवेज़, आज़मगढ़ मोड़, गाजीपुर तिराहा होते हुए बकवल तक मुख्य मार्गों पर घरों व दुकानों को पालिका व फायर ब्रिगेड की मशीनों से पूरी तरह सैनेटाइज किया गया हैं। रविवार के दिन पालिका के कर्मी सरकार की मंशा को फलीभूत करते दिखे।
इस मौके पर अधिशासी अधिकारी संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि शासन एवं ज़िलाधिकारी महोदय के निर्देश के क्रम में नगर पालिका द्वारा कोविड-19 के बढ़ते संक्रमण को दृष्टिगत रखते हुए पूरे नगर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत नगर के प्रत्येक वार्डों में सफाई, सेनिटाइजेशन एवं फागिंग का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। श्री मिश्रा ने नगरवासियों से शासन के निर्देशों का पूरी तरह पालन करने तथा बिना जरूरत घरों से बाहर न निकलने, मास्क लगाने तथा शासन-प्रशासन का पूर्ण रुप से सहयोग करने की अपील की।
इस अवसर पर अपर ज़िलाधिकारी श्री केहरी सिंह, नगर मजिस्ट्रेट जे0एन0सचान, अधिशासी अधिकारी- संजय कुमार मिश्रा, सफाई एवं खाद्य् निरीक्षक -सत्य प्रकाश, वार्ड नं0 24 के सभासद प्रतिनिधि फिरोज़ अहमद शब्बू के इलावा पालिका के सफाई विभाग के कर्मचारीगण उपस्थित रहे।