मऊ – विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2022 को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु मा. निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा निर्देशों के क्रम में परिवहन, आबकारी, दूरसंचार, पोस्ट, बैंक, व्यापार कर एवं अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक संपन्न हुई। जिलाधिकारी द्वारा आबकारी अधिकारी को निर्देश दिया गया कि जनपद में अवैध शराब का कारोबार ना होने पाए, तथा मिलावटी शराब, कच्ची शराब पर पूर्ण नजर रखें कहीं से भी कोई शिकायत आती है तो संबंधित के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करें। जिलाधिकारी ने कहा कि आदर्श आचार संहिता लागू होने के उपरांत यदि किसी राजनीतिक दलों द्वारा मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए शराब वितरण की शिकायत पाई जाती है तो उसके खिलाफ निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी । संभागीय परिवहन अधिकारी को निर्देश दिए गए कि जनपद में चल रहे सभी वाहनों का फिटनेस रिपोर्ट 3 दिन के अंदर उपलब्ध कराएं यदि 3 दिन के अंदर फिटनेस रिपोर्ट उपलब्ध नहीं होता है तो संबंधित अनफिट वाहनों को सीज करने की प्रक्रिया तत्काल शुरू कर दें। भारत संचार निगम लिमिटेड के एसडीओ को निर्देश दिए गए कि जनपद में बनाए गए मतगणना स्थल एवं पर्यवेक्षको के ठहरने वाले स्थानों पर नेट कनेक्टिविटी, टेलीफोन लाइन एवं टेलीफोन ठीक करा लें ताकि चुनाव के दौरान नेटवर्क से संबंधित समस्या उत्पन्न ना हो । जिलाधिकारी द्वारा व्यापार कर अधिकारी को निर्देशित किया गया कि राजनीतिक दलों द्वारा व्यय किए जाने वाले व्यय का विवरण रिपोर्ट कोषागार में उपलब्ध कराते रहेंगे। जिलाधिकारी द्वारा लीड बैंक मैनेजर को निर्देश दिए गए कि चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों का चालू खाता खुलवा ले तथा प्रत्याशियों को निर्देशित करें कि उसी खाता से चुनाव संबंधित लेन देन करेंगे। अपर जिलाधिकारी द्वारा लीड बैंक मैनेजर को निर्देशित किया गया कि बैंकों के माध्यम से यह सूचना प्रसारित करा दें कि कोई भी व्यक्ति अगर 50,000 या उससे ज्यादा की धनराशि लेकर साथ चलता है तो उससे संबंधित रिकॉर्ड अपने पास अवश्य रखें, साथ ही जिलाधिकारी द्वारा लीड बैंक मैनेजर को निर्देश दिए गए कि पूर्व में जिन खातों से बडी धनराशि का लेन देन नहीं होता था और वर्तमान में ऐसी स्थिति आती है उन खातों पर विशेष नजर रखें। उक्त अवसर पर अपर जिलाधिकारी भानु प्रताप सिंह, वरिष्ठ कोषाधिकारी मनीष कुमार कुशवाहा, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिता तिवारी, सहायक अर्थ एवं संख्याधिकारी रजनीश सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


