मऊ – विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2022 के दृष्टिगत जनपद मऊ में 60% बूथो पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है, जिसके सजीव प्रसारण हेतु जनपद के कलेक्ट्रेट परिसर स्थित सभागार में विधानसभा वार एल0ई0डी0 के माध्यम से मानिटरिंग की व्यवस्था की गई है। जनपद के चारों तहसील मुख्यालयों पर भी वेबकास्टिंग के सजीव प्रसारण की व्यवस्था की गई है। कलेक्ट्रेट परिसर के सभागार में स्थित वेबकास्टिंग व्यवस्था का आज जिला निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार द्वारा निरीक्षण किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने समस्त रिटर्निंग ऑफिसर को निर्देशित किया कि विधानसभा वार वेबकास्टिंग हेतु चयनित अपने-अपने बूथों का आज शाम तक अवश्य निरीक्षण कर ले। निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने वेबकास्टिंग वाले बूथों का विधानसभा वार सजीव प्रसारण देखा, साथ ही चुनाव आयोग द्वारा नामित कार्यदायी संस्था को निर्देश दिया कि बूथों पर सी0सी0टी0वी0 कैमरा ऐसी जगहों पर लगे हो जहां से मतदान की गोपनीयता भंग ना हो। कलेक्ट्रेट सभागार में ही स्थित जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों के अलावा रिजर्व ई0वी0एम0 हेतु वाहनों के जी0पी0एस0 लोकेशन के विधानसभा वार सजीव प्रसारण की व्यवस्था का भी निरीक्षण जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने ए0आर0टी0ओ0 को निर्देश दिए कि सभी जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों एवं रिजर्व ई0वी0एम0 के वाहनों को जी0पी0एस0 से अवश्य जोड़ दें, ताकि विधानसभा वार उनके लोकेशन के स्थिति पर लगातार नजर रखी जा सके। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विधानसभा वार अब तक कुल वाहनों की उपलब्धता के बारे में भी जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी भानु प्रताप सिंह, प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टर हर्षिता तिवारी, ए0आर0टी0ओ0 कहकसा खातून, समस्त रिटर्निंग ऑफिसर उपस्थित रहे।
