जिलाधिकारी ने न्यायालयों के आदेशों के अनुपालन में सक्रियता दिखाने के दिए निर्देश, एक माह का विशेष अभियान चलाने का दिया निर्देश

आदेशों के अनुपालन में शिथिलता बरतने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ की जाएगी कड़ी कार्रवाई

मऊ – जनपद मऊ में उप जिलाधिकारी न्यायालयों द्वारा जारी आदेशों का मौके पर अनुपालन में हो रही देरी को जिलाधिकारी ने गंभीरता से लिया है। जन सुनवाई,संपूर्ण समाधान दिवस, एवं थाना समाधान दिवस पर कई ऐसे मामले जिला अधिकारी अरुण कुमार के सामने आए,जिनमें उप जिलाधिकारी न्यायालय से आदेश हो गया है, परंतु मौके पर निचले अधिकारियों द्वारा उसका अनुपालन नहीं कराया गया है।इसको संज्ञान में लेते हुए जिलाधिकारी ने सभी तहसीलों से ऐसे लंबित मामलों की सूची बनाकर उनका मौके पर ही निस्तारण करने के निर्देश दिए थे। जनपद में कुल 297 लंबित मामले थे,जिनमें उप जिलाधिकारी न्यायालय के आदेश के बावजूद उनका अनुपालन नहीं हुआ था।इस मामले में सबसे ज्यादा लंबित प्रकरण तहसील घोसी के थे,जहां पर 215 मामलों का मौके पर अनुपालन नहीं कराया गया है । दूसरे नंबर पर तहसील सदर का स्थान है जहां पर कुल 59 मामले ऐसे हैं जिनका मौके पर अनुपालन नहीं कराया गया है। 12 एवं 11 लंबित मामलों के साथ क्रमशः मोहम्मदाबाद गोहना तृतीय एवं मधुबन चतुर्थ स्थान पर है।
जिलाधिकारी ने कहा कि इन सभी मामलों में टीम बनाकर मौके पर जाकर निस्तारण करें।ऐसे मामलों की प्रतिदिन समीक्षा की जाएगी।इन सभी मामलों का निस्तारण 1 माह के अंदर अवश्य कर लें। अन्यथा की स्थिति में संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी।


Posted

in

by

Tags: