जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग से संबंधित योजनाओं एवं उनके क्रियान्वयन सहित अन्य बिंदुओं पर की समीक्षा बैठक, पूरे जनपद में हैं 368719 बिजली उपभोक्ता

मऊ – जिलाधिकारी अरुण कुमार की अध्यक्षता में विद्युत विभाग से सम्बंधित योजनाओं एवं उनके अनुपालन में किसी प्रकार की समस्याओ सहित कई बिंदुओं पर समीक्षा बैठक जिलाधिकारी कैंप कार्यालय पर संपन्न हुई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी द्वारा विद्युत विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में जानकारी ली गई। अधिशासी अभियंता विद्युत द्वारा बताया गया कि जनपद में बिजली विभाग से संबंधित शिकायतों के लिए एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसके माध्यम से जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित शिकायतों को सुना जाता है एवं जिस पावर हाउस से संबंधित शिकायत होती है उस पावर हाउस से संबंधित अधिकारियों/कर्मचारियों को शिकायत के निस्तारण हेतु निर्देशित किया जाता है। जिलाधिकारी द्वारा मौके पर कंट्रोल रूम के नंबर पर कॉल करके कोपागंज के रोस्टर के बारे में पूछा गया, जिसका संतोषजनक उत्तर नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत को इसे ठीक ढंग से सक्रिय रखने के निर्देश दिए। उन्होंने जनपद में कुल विद्युत उपभोक्ताओं के बारे में जानकारी ली। अधिशासी अभियंता विद्युत द्वारा बताया गया कि शहरीय क्षेत्र में कुल 73611 उपभोक्ता, ग्रामीण क्षेत्र में कुल 295108 उपभोक्ता है। इस प्रकार कुल 368719 उपभोक्ता पूरे जनपद में हैं। जिलाधिकारी ने बुनकरों को किस प्रकार की बिजली का कनेक्शन दिया जाता है इसके बारे में भी जानकारी ली। समीक्षा के दौरान 132 के0वी0 उपकेंद्र बरजला का निर्माण कार्य अधूरा पाया गया, जिसपर जिलाधिकारी ने कार्य के प्रारंभ होने की तिथि एवं जिस कंपनी द्वारा इसका निर्माण कार्य कराया जा रहा है उसके बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने ट्रांसफार्मर वर्कशॉप के बारे में भी जानकारी ली। समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत से बिजली विभाग की अन्य समस्याओं के बारे में भी पूछा। अधिशासी अभियंता विद्युत द्वारा किसी भी प्रकार की समस्या न होने की बात कही गई।
बैठक के दौरान अधिशासी अभियंता विद्युत प्रथम, अधिशासी अभियंता विद्युत द्वितीय एवं अधिशासी अभियंता विद्युत तृतीय उपस्थित रहे।


Posted

in

by

Tags: