नगर क्षेत्र एवं सड़कों से अभियान चलाकर अवैध अतिक्रमण हटाने का डीएम ने दिया निर्देश

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला नगरीय विकास अभिकरण एवं समस्त स्थानीय निकायो की समीक्षा बैठक संपन्न

मऊ – आज जिलाधिकारी कैम्प कार्यालय पर जिला नगरीय विकास अभिकरण, समस्त स्थानीय निकायो की समीक्षा बैठक जिलाधिकारी अरुण कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने परियोजना निदेशक डूडा से प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना में अबतक कितने लोगों का भुगतान बाकी है, इसके बारे में जानकारी ली। इसके अलावा राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के बारे में भी जानकारी ली। जिलाधिकारी ने शहरी आजीविका मिशन केंद्र के माध्यम से किए जाने वाले कार्यों के बारे में भी जानकारी ली। पी0एम0 स्वनिधि योजना के अंतर्गत सभी नगर पंचायतो एवं नगर पालिका में लंबित मामलों को लेकर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए इसे तत्काल बैंकों से संपर्क कर, लंबित मामलों का यथाशीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री नगरीय अल्प विकसित एवं मलिन बस्ती विकास योजना के कार्यों की वित्तीय वर्ष वार समीक्षा की।
जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद में चलाए जा रहे वृहद सफाई अभियान के परिणामों की भी जानकारी जिलाधिकारी द्वारा समस्त अधिशासी अधिकारियों से ली गई एवं इसे अनवरत जारी रखने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने वर्षा से पूर्व नगर पालिका एवं समस्त नगर पंचायतों में बड़े नालों एवं नालियों के साफ-सफाई के निर्देश दिए। नाला सफाई के सत्यापन की भी रिपोर्ट आख्या जिलाधिकारी ने प्रस्तुत करने को कहा। जिन बड़े नालों की सफाई हेतु टेंडर निकालने की आवश्यकता है वहां तत्काल टेंडर निकलवाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने समस्त उपजिलाधिकारिओ को नगर पंचायतों में कूड़ा प्रबंधन हेतु सरकारी जमीन उपलब्ध कराने एवं सरकारी भूमि उपलब्ध न होने पर लिखित सूचना संबंधित अधिशासी अधिकारी को देंने को कहा,जिससे नगर पंचायते प्राइवेट जमीन क्रय कर सके। जिलाधिकारी ने नगर पंचायत, नगर पालिका के क्षेत्रों एवं सड़क पर अवैध अतिक्रमण को अभियान चलाकर यथाशीघ्र हटवाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने समस्त अधिशासी अधिकारिओ को निर्देश दिए कि जहां कहीं भी बिना परमिशन के होर्डिंग लगाए गए हैं उन्हें तत्काल हटवाए साथ ही प्रमुख चौराहों पर डिजिटल होर्डिंग की व्यवस्था करें, जिससे सरकार की योजनाओं का प्रचार प्रसार किया जा सके। बैठक के दौरान अपर जिला अधिकारी भानु प्रताप सिंह, समस्त उप जिलाधिकारी,परियोजना निदेशक डूडा एवं समस्त अधिशासी अधिकारी उपस्थित थे।


Posted

in

by

Tags: