नए भू माफिया एवं शराब माफियाओं का चिन्हकरण के साथ ही सड़कों पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने का डीएम ने दिया निर्देश

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में राजस्व कार्यो, आई0जी0आर0एस0, जन शिकायतों, लंबित कोर्ट केस एवं अवमानना वाद की स्थिति के साथ ही कई अन्य बिंदुओं पर समीक्षा बैठक हुई संपन्न

मऊ – आज जिलाधिकारी अरुण कुमार की अध्यक्षता में कार्यालय कैम्प पर राजस्व कार्यो, आई0जी0आर0एस0, जन शिकायतो, लंबित कोर्ट केस एवं अवमानना वाद की स्थिति के साथ ही कई अन्य बिंदुओं पर समीक्षा बैठक की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्वामित्व योजना की प्रगति एवं नगर पालिका/नगर पंचायतों में एस0एल0डब्ल्यू0एम0 हेतु भूमि की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली साथ ही तहसीलवार पंचायत भवन एवं सामुदायिक शौचालय हेतु भूमि की स्थिति की भी जानकारी ली। पंचायत भवन एवं सामुदायिक शौचालय हेतु भूमि के संदर्भ में कोई समस्या होने पर संबंधित उप जिलाधिकारी को मौके पर जाकर जांच करने एवं भूमि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में ओपन सोर्स डाटा के सत्यापन की स्थिति की जानकारी उप कृषि निदेशक से ली, जिसपर उप कृषि निदेशक ने बताया कि जनपद में कुल 752 लंबित प्रकरण है,जिसमें सर्वाधिक 627 सदर तहसील से हैं। जिलाधिकारी ने टेबलेट एवं स्मार्टफोन के कुल प्राप्ति एवं वितरण की स्थिति की भी जानकारी ली। इस दौरान प्राप्त कुल 29675 स्मार्टफोन एवं टेबलेट के सापेक्ष 28530 की मैपिंग/वितरण होने की जानकारी आई0टी0आई0 के प्राचार्य द्वारा दी गई। उन्होंने समस्त उप जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि जिन योजनाओं में भूमि की आवश्यकता हो संबंधित विभाग से संपर्क कर भूमि उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। जनपद में उचित दर विक्रेता दुकानों के चयन की स्थिति के बारे में भी जिलाधिकारी द्वारा जानकारी जिला पूर्ति अधिकारी से ली गई। जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री आर्थिक सहायता संबंधी जितने भी प्रकरण लंबित हैं उन्हें सोमवार तक अनिवार्य रूप से निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने समस्त उप जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि जिन स्थानों से लाउडस्पीकर हटाए गए हैं, वहां फिर दोबारा लगने न पाए यह बात सुनिश्चित करें। साथ ही अपने-अपने क्षेत्र की महत्वपूर्ण सड़कों का चिन्हीकरण कर अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने का कार्य प्रारंभ कर दें। जिलाधिकारी ने समस्त उप जिलाधिकारियों एवं नगर मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए कि अपने क्षेत्रों में हाल ही में नए बने भू माफियाओं एवं शराब माफियाओं का चिन्हीकरण कर उनके खिलाफ तत्काल कार्यवाही प्रारंभ कर दें।बैठक के दौरान ही जिलाधिकारी ने जनपद में गेहूं खरीद की स्थिति एवं राजस्व न्यायालय द्वारा पारित आदेशों के निस्तारण की स्थिति की भी जानकारी ली।

उक्त अवसर पर अपर जिला अधिकारी भानु प्रताप सिंह, नगर मजिस्ट्रेट त्रिभुवन कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी विकास गौतम, जिला पंचायत राज अधिकारी अभिषेक शुक्ला, समस्त उप जिलाधिकारी, खाद्य विपणन अधिकारी विपुल सिन्हा, ई डिस्ट्रिक्ट मैनेजर आशीष मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


Posted

in

by

Tags: