डीएम ने निर्माणाधीन इंटरलॉकिंग कार्य का किया निरीक्षण, मानक के अनुरूप कार्य न होने पर संबंधित जे0ई0 के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करने के दिए निर्देश

मऊ – जिलाधिकारी अरुण कुमार ने ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा विकासखंड रानीपुर स्थित ग्राम सभा चकिया से मड़ैया होते हुए हकाम तक के निर्माणाधीन इंटरलॉकिंग कार्य का निरीक्षण किया। इस योजना की कुल स्वीकृत लागत 126.29 लाख रुपये है, जिसका पूरा भुगतान हो चुका है।योजना का लगभग 75% कार्य पूर्ण हो चुका है एवं शेष पर अभी कार्य चल रहा है। निरीक्षण के दौरान सड़क के किनारों पर बने बॉक्सिंग मानक के अनुरूप नहीं पाए जाने पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को कड़ी फटकार लगाई। पूर्ण हो चुके कार्यो के निरीक्षण के दौरान इंटरलॉकिंग में प्रयुक्त ईटों के ठीक ढंग से फिट न होने एवं सैंड फीलिंग का कार्य भी मानक के अनुरूप नहीं मिला। जिलाधिकारी ने इंटरलॉकिंग कार्य में विभिन्न चरणों हेतु प्रयुक्त होने वाले निर्माण सामग्रियों की खुदाई कर जांच कराई,जो कि मानक के विपरीत मिले, इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित जे0ई0के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को निर्देश दिए कि एक महीने के अंदर जो भी कमियां हैं उसे पूर्ण करें अन्यथा आपके खिलाफ कड़ी कार्यवाही करते हुए रिकवरी की जाएगी। उन्होंने इंटरलॉकिंग कार्य के दौरान स्वयं द्वारा की गई जांच रिपोर्ट के साथ ही, थर्ड पार्टी की जांच रिपोर्ट भी उपलब्ध कराने के निर्देश अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को दिए। जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी मोहम्मदाबाद गोहना एवं अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी की संयुक्त टीम बनाकर पूरी इंटरलॉकिंग कार्य की जांच कर, तत्काल रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। निर्माणाधीन इंटरलॉकिंग कार्य के निरीक्षण के दौरान किनारों पर बनी बॉक्सिंग में ईटों के बीच मसालों के प्रयुक्त न होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को निर्देश दिए कि पूरे इंटरलॉकिंग कार्य को गुणवत्तापूर्ण एवं मानक के अनुरूप पूरा करें एवं निर्माण कार्य के दौरान लगातार निरीक्षण करते रहें, अन्यथा की स्थिति में सभी संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
इस दौरान उपजिलाधिकारी मोहम्मदाबाद गोहना मनोज तिवारी, अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, ए0ई0 पीडब्ल्यूडी रंजन सिंह के अलावा सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


Posted

in

by

Tags: