सोमवार 3 मई से पूरे अस्पताल को कोविड 19 के मरीजों के इलाज हेतु कर दिया जायेगा परिवर्तित
मऊ। पूर्वांचल के सुप्रसिद्ध सर्जन डॉक्टर पी एल गुप्ता ने कोविड-19 के रोगियों की चिकित्सा करने का बीड़ा उठाया है।
उक्त जानकारी देते हुए अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल जनपद मऊ के जिला अध्यक्ष डॉ राम गोपाल गुप्ता ने बताया कि जनपद के जिलाधिकारी अमित सिंह बंसल के निर्देशों व नगर मजिस्ट्रेट जे एन सचान के सुझावों को गंभीरता पूर्वक लेते हुए नरई बांध स्थित गुप्ता सर्जिकल के प्रोपराइटर डॉक्टर पी एल गुप्ता ने यह निर्णय लिया है कि आगामी सोमवार 3 मई से पूरे अस्पताल को कोविड-19 मरीजों की चिकित्सा हेतु परिवर्तित कर दिया जाएगा।
बताते चलें कि डॉ पी एल गुप्ता बलिया मऊ आजमगढ़ व गाजीपुर के साथ-साथ समूचे पूर्वांचल में अपने शल्य चिकित्सा के लिए प्रसिद्ध हैं। डॉ पी एल गुप्ता ने यह निर्णय लिया है कि सर्जरी का कार्य अस्थाई रूप से आशीष नर्सिंग होम में स्थानान्तरित करेंगे तथा इस अस्पताल में केवल कोरोना संबंधित ही मरीज भर्ती किए जाएंगे। इसके लिए चेस्ट रोग विशेषज्ञ / चिकित्सक की भी व्यवस्था की गई है तथा आवश्यक सभी उपकरण मॉनिटर्स आदि की व्यवस्था की जा चुकी है।
जैसे जैसे पुराने मरीज डिस्चार्ज होते जाएंगे नए कोरोना के मरीज ही गुप्ता सर्जिकल हॉस्पिटल में भर्ती किए जाएंगे।
डॉ पी एल गुप्ता के इस निर्णय पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए एवम जनहित में लिये गये इस कदम का स्वागत करते हुए व्यापार मंडल ने कहा है कि मानव सेवा ही माधव सेवा है। डॉ पी एल गुप्ता के इस निर्णय की सर्वत्र प्रशंसा की जा रही है।