जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक के साथ थाना हलधरपुर में की जनसुनवाई

कई मामलों में राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर जाकर तत्काल निस्तारण के दिए निर्देश

मऊ – आज जिलाधिकारी अरुण कुमार ने पुलिस अधीक्षक सुशील घुले के साथ महीने के द्वितीय शनिवार को थाना समाधान दिवस पर थाना हलधर पुर में जन सुनवाई की। जिलाधिकारी ने पिछले थाना समाधान दिवस पर आई शिकायतों एवं उनके निस्तारण की स्थिति की जानकारी,संबंधित अधिकारी से रजिस्टर मंगवा कर ली। कुछ शिकायत कर्ताओं के रजिस्टर में मोबाइल नंबर दर्ज ना होने पर इसे तत्काल दर्ज करने के निर्देश दिए, साथ ही हर थाना समाधान दिवस पर रजिस्टर में शिकायतकर्ता का मोबाइल नंबर अवश्य दर्ज करने को कहा जिससे शिकायतकर्ता से फीडबैक लेकर शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की जानकारी प्राप्त की जा सके।जन सुनवाई के दौरान अधिकतर मामले राजस्व से जुड़े थे, जिनके तत्काल निस्तारण के लिए जिलाधिकारी ने संबंधित क्षेत्र के लेखपालों को पुलिस के साथ मौके पर भेजा एवं निस्तारण की स्थिति की शाम तक रिपोर्ट भी देने को कहा।
कुछ मामले पुलिस से भी संबंधित थे जिनके संबंध में पुलिस अधीक्षक ने तत्काल उचित कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित थानाध्यक्ष को दिए। आज थाना समाधान दिवस पर बड़ी संख्या में शिकायतकर्ता थाना हलधर पुर पहुंचे थे। जिलाधिकारी ने सभी लेखपालों एवं पुलिस को संयुक्त टीम बनाकर थानों पर आने वाली राजस्व संबंधित शिकायतों की गुणवत्ता पूर्ण ढंग से निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता बार-बार परेशान ना हो, इसके लिए शिकायतों का गुणवत्ता पूर्ण ढंग से निस्तारण अवश्य करें। अन्यथा की स्थिति में संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी। इस अवसर पर संबंधित थाना के सभी अधिकारी एवं क्षेत्र के सभी लेखपाल मौके पर उपस्थित थे।


Posted

in

by

Tags: