मा0 मंत्री ए0के0 शर्मा जी ने जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ की बैठक, अधिकारियों के कार्य व्यवहार एवं संस्कृति में बदलाव लाने के दिए निर्देश

मऊ – मा0 मंत्री नगर विकास, शहरी समग्र विकास, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन, ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग, उत्तर प्रदेश श्री ए0के0 शर्मा जी की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संपन्न हुई।
बैठक के प्रारंभ में विद्युत बिलों के कनेक्शन कार्य से जुड़ी स्वयं सहायता समूह की 6 उत्कृष्ट कार्य करने वाली विद्युत सखियों को मा0 मंत्री जी द्वारा पुरस्कृत तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। साथ ही 14 अन्य विद्युत सखियों को उनके द्वारा बिल कनेक्शन में सराहनीय योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। 50 विद्युत सखियों को विद्युत उपभोक्ताओं के मीटर रीडिंग का कार्य किए जाने हेतु पहचान पत्र प्रदान करते हुए विद्युत बिल बनाए जाने के कार्य हेतु प्रेरित किया गया ताकि, आर्थिक रूप से सशक्त हो सके। बैठक के दौरान उन्होंने पूर्वांचल के पिछड़ेपन के कारणों पर प्रकाश डालते हुए इसमें बदलाव लाने की बात कही। उन्होंने बताया कि पूर्वांचल के विकास को लेकर केंद्र और प्रदेश की सरकार प्रतिबद्ध है, साथ ही जनपद मऊ को विकास के पथ पर जनपद स्तरीय अधिकारियों के माध्यम से ले जाना है। जनपद के कुछ इलाकों की सड़कों की स्थिति निरंतर खराब रहने के कारण माफिया एवं गलत लोगों को ठेके मिलना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सरकार भी गलत लोगों के खिलाफ कड़े कदम उठा रही है। ऐसे में आप भी ऐसे लोगों को ठेका देने से बचें, जिन्होंने पूर्व में किए कार्यों में गुणवत्ता की कमी रखी है। माननीय मंत्री जी ने सभी विभागाध्यक्षो को निर्देश दिए कि गांव- गांव जाकर अपने विभाग की योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि अगले 6 महीने हर तहसील, ब्लाक एवं बड़ी ग्राम पंचायतों में कैंप लगाकर अपने-अपने विभाग की योजनाओं का प्रचार-प्रसार करें, जिससे आम नागरिको सरकार की योजनाओं से लाभान्वित हो सके। माननीय मंत्री जी ने पांच प्रमुख विभागों जिसमें राजस्व, पुलिस, बिजली, सड़क एवं पानी को अपने कार्य व्यवहार में सुधार लाने को कहा, जिससे लोगों में इन विभागों के प्रति सम्मान का भाव आए। ज्यादातर शिकायतें इन्हीं विभागों को लेकर आती है। माननीय मंत्री जी ने पिछली सरकार एवं माफियाओं के गठजोड़ को पूर्वांचल के पिछड़ेपन का मुख्य कारण बताया। उन्होंने कहा अब इस संस्कृति को बदलना होगा, हमें कम समय में पूर्वांचल एवं जनपद मऊ को विकास के पथ पर ले जाना है। जिसके लिए अभी से रोडमैप तैयार करना होगा। बैठक के दौरान माननीय मंत्री जी ने समस्त अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे खाली पड़े जगहों का चिन्हीकरण कर ले, जहां पर लोग गंदगी फैलाते हैं। उन जगहों पर वृक्षारोपण आदि कर अन्य तरीकों से भी इन क्षेत्रों के सुंदरीकरण कराने का प्रयास करें। उन्होंने अधिशासी अधिकारी मऊ को शहर के अंदर ही ऐसी जगह चिन्हित करने को कहा जहां पर ऐसे ऑडिटोरियम का निर्माण हो सके जिसमें एक हजार से ऊपर लोगों की बैठने की व्यवस्था हो। बैठक के दौरान माननीय मंत्री जी ने जनपद में विकास कार्यों एवं बेहतरी के लिए अधिकारियों से सुझाव भी मांगे। इस पर जिलाधिकारी अरुण कुमार ने जनपद में घोसी एवं मधुबन क्षेत्र में मछली उत्पादन को देखते हुए फिश मंडी तथा विनियमित क्षेत्र हेतु उचित स्टाफ प्रबंधन की व्यवस्था का सुझाव दिया, जिससे शहर में अगले 20 से 25 सालों को ध्यान में रखकर शहर में नियोजन व्यवस्था को ठीक ढंग से लागू किया जा सके।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी अरुण कुमार पुलिस, अधीक्षक सुशील घुले, मुख्य विकास अधिकारी राम सिंह वर्मा, अपर जिलाधिकारी भानु प्रताप सिंह के अलावा अधिशासी अभियंता विद्युत, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी, अधिशासी अभियंता जल निगम, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी, अधिशासी अभियंता सिंचाई सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


Posted

in

by

Tags: