प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में लागू सरकारी योजनाओं के संबंध में जागरूकता बढ़ाने को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक संपन्न
मऊ – आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्री अरुण कुमार की अध्यक्षता में जनपद के समस्त बोर्डों के माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यो एवं विभिन्न योजनाओं से आच्छादित विभागों के कार्यालयाध्यक्षों के साथ बैठक संपन्न हुई। बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई इन योजनाओं में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मिशन शक्ति, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना, छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना, इंस्पायार्ड अवार्ड योजना, प्रोजेक्ट अलंकार, राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान आदि प्रमुख है। बैठक में शिक्षा के क्षेत्र में लागू योजनाओं के अलावा सरकार द्वारा द्वारा संचालित अन्य योजनाओं के बारे में भी संबंधित अधिकारियों ने विस्तार से प्रकाश डाला। बैठक के दौरान जिलाधिकारी श्री अरुण कुमार ने सभी प्रधानाचार्यो को निर्देश दिए कि प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में संचालित विभिन्न योजनाओं को अपने शैक्षिक संस्थानों में पढ़ रहे छात्रों एवं उनके अभिभावकों को बताएं, साथ ही पी0टी0ए0/ एस0एम0डी0सी0 की होने वाली नियमित बैठकों में सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के संबंध में चर्चा कर छात्रों एवं उनके अभिभावकों को योजनाओं के संबंध में जागरूक करें।जिलाधिकारी श्री अरुण कुमार ने विद्यालयों में अधिक से अधिक नामांकन करने के साथ ही छात्रों की उपस्थिति शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने उपस्थित प्रधानाचार्यो को कहा कि ग्रीष्मावकाश के बाद 1 जुलाई से विद्यालय खुलने वाले हैं, ऐसे में विद्यालय परिसरों की विधिवत साफ सफाई 30 जून के पूर्व अवश्य कर लें। विद्यालय के पुस्तकालय को क्रियाशील करें तथा अनुभवी शिक्षक को उसका प्रभारी बनाएं। प्रत्येक विद्यालय में कमजोर छात्रों हेतु उपचारात्मक शिक्षा की व्यवस्था करें एवं विद्यालय समय के उपरांत कम से कम एक घंटा इन कमजोर बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान दें। उन्होंने पठन-पाठन के अलावा पाठ्य सहगामी क्रिया कलापो के नियमित रूप से आयोजित करने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी श्री अरुण कुमार ने सभी विद्यालयों के खाली जगहों पर फलदार एवं छायादार वृक्षारोपण करने के अलावा विद्यालय परिसर का वातावरण बेहतर बनाने को भी कहा, जिससे बच्चों में शिक्षा को लेकर अभिरुचि बढ़े।
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी श्री राम सिंह वर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक श्री राजेंद्र प्रसाद, जिला समाज कल्याण अधिकारी अनुज कुमार एवं अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ ही विभिन्न बोर्डों के माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य भी उपस्थित थे।
