वृक्षारोपण अभियान की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक संपन्न
मऊ – आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्री अरुण कुमार की अध्यक्षता में जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में 5 जुलाई से प्रारंभ होने वाले वृक्षारोपण अभियान की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान डी0एफ0ओ0 जी0सी0 प्रभु भाई ने बताया कि अभियान के प्रथम दिन जनपद में 20.18 लाख पौधा रोपड़ का लक्ष्य रखा गया है, जो कुल निर्धारित लक्ष्य का लगभग 70% है। उन्होंने बताया कि नर्सरी से कुल 90% से ज्यादा पौधों का उठान हो चुका है। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने पौधारोपण के ऐसे स्थानों के चिन्हीकरण की जानकारी ली, जहां पर जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाना है। उन्होंने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी से वृक्षारोपण की तैयारियों की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि प्रत्येक गौशाला में वृक्षारोपण हेतु गड्ढों का भौतिक सत्यापन कर निर्धारित संख्या के अनुसार वृक्षारोपण का कार्य कराना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने समस्त उप जिलाधिकारियों से उनके तहसील क्षेत्र के अंतर्गत ऐसी बडे स्थानों की जानकारी ली, जहां पर वृक्षारोपण कार्य कराया जाना है। उन्होंने संबंधित तहसील क्षेत्रों के सरकारी जमीनों को, जो अवैध कब्जे से मुक्त कराए गए हैं,उनका चिन्हीकरण कर वहां पर वृक्षारोपण कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने डी0एफ0ओ0 को निर्देश दिए कि वृक्षारोपण की अद्यतन स्थिति की जानकारी के लिए गूगल सीट पर सभी संबंधित नोडल अधिकारियों से निश्चित समयान्तराल पर जानकारी लेते रहें,जिससे अद्यतन स्थिति को पोर्टल पर तत्काल दर्ज करने में सुविधा रहे। उन्होंने सभी संबंधित विभागों के नोडल अधिकारियों को नर्सरी से पौधों के उठान से लेकर उनके वितरण तक के सारी कार्यवाईयो का रिकॉर्ड रखने को कहा। जिलाधिकारी ने सभी सरकारी, गैर सरकारी संस्थाओं, सिविल सोसाइटी, एन0सी0सी0, नेहरू युवा केंद्र, युवक मंगल दल, महिला मंगल दल, व्यापार मंडल, किसान उत्पादक संगठन, रोटरी क्लब, रेड क्रॉस सोसाइटी आदि की भी वृक्षारोपण अभियान में सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी स्तर के जनप्रतिनिधियों मा0 सांसद, मा0 विधायक, मा0 अध्यक्ष नगरीय निकाय एवं पार्षद/सभासद, माननीय अध्यक्ष जिला पंचायत/ क्षेत्र पंचायत एवं सभी सदस्य, ग्राम प्रधान एवं पंचायत सदस्यगण आदि को भी वृक्षारोपण अभियान में आमंत्रित कर सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक को जनपद में क्रमशः बाल वन एवं युवा वनों की संख्या बढ़ाने को कहा। जिलाधिकारी ने खेल के मैदानों पर वृक्षारोपण कार्य नहीं कराने के साथ ही ऐसे स्कूलों या कॉलेजों में जहां बाउंड्री वाल का निर्माण नहीं हुआ है, वहाँ किनारे-किनारे पौधे लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षो को उनसे जुड़े लाभार्थियों एवं अन्य लोगों से भी वृक्षारोपण अभियान में सहयोग लेने को कहा, जिससे निर्धारित लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल किया जा सके।
जिलाधिकारी ने जनपद वासियों से वृक्षारोपण अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की, जिससे इस अभियान को सफल बना कर जनपद मऊ को हरा-भरा बनाया जा सके।
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी राम सिंह वर्मा, अपर जिलाधिकारी भानु प्रताप सिंह, नगर मजिस्ट्रेट त्रिभुवन, डीएफओ जी0सी0 प्रभु भाई, समस्त उपजिलाधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, डीसी मनरेगा, जिला पंचायत राज अधिकारी, अधिशासी अभियंता सिंचाई, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, समस्त खंड विकास अधिकारी, समस्त अधिशासी अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित।
