जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक के साथ चिऊटीडाड़ रिंग तटबंध पर निर्मित स्पर पुनर्स्थापना कार्य का किया निरीक्षण

स्पर पुनर्स्थापना कार्य को गुणवत्ता पूर्ण ढंग से शीघ्र पूर्ण करने के लिए निर्देश

मऊ – आज जिलाधिकारी श्री अरुण कुमार ने पुलिस अधीक्षक श्री अविनाश पांडे के साथ घोसी तहसील स्थित राजस्व ग्राम नवली के घाघरा नदी के दाएं तट पर स्थित चिऊटीडाड़ रिंग तटबंध पर निर्मित हो रहे स्पर के पुनर्स्थापना कार्य का निरीक्षण किया।
यह परियोजना 492.5 लाख की है, जिसका 80% से ज्यादा कार्य पूर्ण हो चुका है। इस परियोजना का कार्य अर्पणा कंस्ट्रक्शन द्वारा कराया जा रहा है। यह बाढ़ खंड आजमगढ़ के अधीन आता है। जिलाधिकारी ने वहां उपस्थित अधिकारियों एवं स्थानीय लोगों से उस क्षेत्र में बाढ़ से प्रभावित होने वाले गांवो की संख्या के बारे में जानकारी ली। उन्होंने उस क्षेत्र में राजस्व एवं पुलिस विभाग के स्थापित बाढ़ चौकियों की संख्या के साथ ही क्षेत्र में स्थित शरणालयो बारे में भी जानकारी ली। जिलाधिकारी ने स्पर पुनर्स्थापना कार्य में प्रयुक्त हो रहे स्टोन के उठान एवं गुणवत्ता के बारे में जानकारी लेते हुए तहसीलदार घोसी को इसकी जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने यहां पर पूर्व में बाढ़ के दौरान हुए विस्थापन की अवस्था के संबंध में भी लोगों से पूछताछ की। इस दौरान जिलाधिकारी ने कार्यदाई संस्था एवं अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड आजमगढ़ को निर्देश दिए कि स्पर के पुनर्स्थापना कार्य को यथाशीघ्र पूर्ण करें जिससे बाढ़ के दौरान लोगों के जान माल की सुरक्षा की जा सके।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री अविनाश पांडे के अलावा तहसीलदार घोसी, थाना अध्यक्ष दोहरीघाट, अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड आजमगढ़ सहित अन्य अधिकारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे।


Posted

in

by

Tags: