लगभग सभी मामलों में राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर जाकर तत्काल निस्तारण के दिए निर्देश
मऊ – आज जिलाधिकारी श्री अरुण कुमार ने पुलिस अधीक्षक श्री अविनाश पांडेय के साथ महीने के द्वितीय शनिवार को थाना समाधान दिवस पर थाना दोहरीघाट में जन सुनवाई की। उन्होंने शिकायत रजिस्टर में दर्ज मोबाइल नंबर पर शिकायतकर्ता से बात कर शिकायतों के निस्तारण के फीडबैक लेने के भी निर्देश दिए, जिससे शिकायतों के निस्तारण की वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त की जा सके।जन सुनवाई के दौरान अधिकतर मामले राजस्व से जुड़े थे, जिनके तत्काल निस्तारण के लिए जिलाधिकारी ने संबंधित क्षेत्र के लेखपालों को पुलिस के साथ मौके पर भेजा एवं निस्तारण की स्थिति की शाम तक रिपोर्ट भी देने को कहा। आज थाना समाधान दिवस पर बड़ी संख्या में शिकायतकर्ता थाना दोहरीघाट पहुंचे थे। जिलाधिकारी ने सभी लेखपालों एवं पुलिस को संयुक्त टीम बनाकर थानों पर आने वाली राजस्व संबंधित शिकायतों की गुणवत्ता पूर्ण ढंग से निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता बार-बार परेशान ना हो, इसके लिए शिकायतों का गुणवत्ता पूर्ण ढंग से निस्तारण अवश्य करें। अन्यथा की स्थिति में संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री अविनाश पांडेय के अलावा संबंधित थाना के सभी अधिकारी एवं क्षेत्र के सभी लेखपाल मौके पर उपस्थित थे।
